आरटीओ ने पंजीयन और ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी पूछताछ के लिए ‘व्हाट्स एप’ नंबर जारी किया है। यह व्यवस्था परिवहन आयुक्त के आदेश के क्रम में की गई है। परिवहन आयुक्त ने सभी जिलों के संभागीय परिवहन कार्यालय को ऐसी व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया था। जल्द ही अन्य जिलों में भी लोगों की सुविधा के लिए ‘व्हाट्स एप’ नंबर जारी किए जाएंगे।
अक्सर दलालों द्वारा लोगों को फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस थमा दिए जाने के मामले सामने आते हैं तो वहीं पंजीयन को लेकर भी लोगों को परेशान होना पड़ता है। लोगों को ऐसी दिक्कत न झेलनी पड़े इसके लिए परिवहन आयुक्त ने प्रदेश के सभी जिलों में पंजीयन एवं डीएल से जुड़ी पूछताछ के लिए व्हाट्स एप नंबर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। गोरखपुर संभागीय परिवहन कार्यालय ने इस आदेश के अनुपालन में मोबाइल नंबर 8005441038 की व्यवस्था की है।
आरटीओ एम अंसारी ने बताया कि लोग पंजीयन एवं डीएल से जुड़ी शिकायतों का समाधान इस नंबर के जरिए पा सकेंगे। इस नंबर पर डीएल की कॉपी भेजकर यह भी जाना जा सकेगा कि लाइसेंस सही है या फर्जी। सभी जिलों में इस तरह की व्यवस्था की जानी है।