डीएल की फर्जी वेबसाइट का स्क्रीन शॉर्ट।
परिवहन विभाग की ऑनलाइन डीएल सेवा में जालसाजों ने सेंधमारी कर दी है। फर्जी वेबसाइट बनाकर डीएल के नाम पर लोगों से फीस वसूली जा रही है। मामले का पता लगने के बाद परिवहन विभाग ने दिशा-निर्देश जारी करते हुए विभाग की वेबसाइट से ही डीएल का ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
एआरटीओ प्रशासन श्यामलाल ने बताया कि परिवहन मुख्यालय को कई जनपदों से शिकायत मिली है कि कुछ लोग जालसाजी कर फर्जी वेबसाइट ईड्राइविंगलाइसेंस डॉट कॉम और ईड्राइविंगलाइसेंस डॉट ओआरजी संचालित कर रहे हैं। इन फर्जी साइटों के माध्यम से डीएल के लिए ऑनलाइन आवेदन के नाम पर फीस वसूली जा रही है। परिवहन विभाग ने पत्र जारी कर लोगों से अपील की है कि लोग फर्जी वेबसाइट की बजाय परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट सारथी डॉट परिवहन डॉट जीओवी डॉट इन के माध्यम ही ऑनलाइन फार्म और फीस भरें।
फर्जी वेबसाइट्स के माध्यम से डीएल आवेदन करने का मामला अभी गोरखपुर में नहीं आया है लेकिन प्रदेश के कई जनपदों में इस तरह के मामले सामने आए हैं। लोग सतर्क रहें, इस लिहाज से ये दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
-श्याम लाल, एआरटीओ प्रशासन