मिसाल : रोडवेजकर्मी ने दस हजार रुपये एसएसपी के पास जमा करा दिए
गोरखपुर। रोडवेज कर्मचारी ने सोमवार को ईमानदारी की मिसाल पेश की। एटीएम से बैलेंस चेक करने के दौरान निकले 10 हजार रुपये उन्होंने एसएसपी के पास जमा कर दिए। उनके इस कदम की सराहना हो रही है।
शाहपुर के स्पोर्ट्स कॉलेज के पास स्थित अंबेनगर कॉलोनी निवासी अजीत यादव महराजगंज के निचलौल डिपो में परिचालक हैं। वह सोमवार की सुबह सात बजे बच्चे को छोड़ने स्कूल गए थे। लौटते समय वह असुरन स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे। उन्होंने बैलेंस चेक करने के लिए पिन डाला। ऐसा करते ही एटीएम से दस हजार रुपये निकल आए। अजीत पहले तो हक्का-बक्का रह गए। उन्हें लगा कि रकम उनके खाते से निकली है पर जब उन्होंने बैलेंस चेक किए तो उनके खाते से रुपये नहीं कटे थे। इसके बाद वह सुबह दस बजे एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एससपी डॉ. सुनील गुप्ता को उन्होंने पूरी बात बताई और रुपये उन्हें सौंप दिए। इसके बाद उन्होंने चौकी इंचार्ज असुरन को फोन कर जांच कर रुपये खाताधारक को लौटाने को कहा। पुलिस खाताधारक का पता लगा रही है। रोडवेज कर्मी अजीत यादव ने बताया कि पहले उन्होंने सोचा कि बैंक जाकर रुपये जमा कर दें, लेकिन फिर उन्हें लगा कि बैंक में ज्यादा समय लग जाएगा, इसलिए वह एसएसपी के पास पहुंचे। एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया कि रोडवेज कर्मी को एटीएम से दस हजार रुपये मिले थे। वह रुपये लेकर मेरे पास आया था। चौकी इंचार्ज को रुपये लौटाने की जिम्मेदारी दी गई है। युवक ने अपना नैतिक कर्तव्य दिखाया है। इसके लिए वह सराहना का पात्र है।