फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधे शहर की सड़कों पर चार घंटे ठसाठस जाम 

Thu, 10 Aug 2017 01:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
आधे शहर में लोग घंटों जाम से जूझते रहे। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
खुद के आशियाने के  लिए सरकारी मदद का प्रमाण पत्र पाकर जहां हजारों गरीबों के चेहरों पर खुशी तैर गई, वहीं आधे शहर की सड़कों पर चार घंटे से अधिक देर तक लगे रहे ठसाठस जाम से तमाम शहरी बिलबिला उठे। दोपहर तक शहर में सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी और शाम को खत्म हुई सपा की जनसभा से सड़कों पर निकली भीड़ से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। पैडलेगंज से छात्रसंघ चौराहा, यूनिवर्सिटी होते हुए रेलवे स्टेशन तक की सड़क सुबह 11 से शाम चार बजे तक पूरी तरह चोक रही।
विज्ञापन


तमाम चौराहों पर गाड़ियों के रेले के बीच एक दर्जन से अधिक एंबुलेंस घिरी रहीं तो कई स्कूलों की बसें भी फंसी रहीं। जाम की शक्ल देख मरीजों के तीमारदारों के चेहरों पर बेचैनी तैरती दिखाई पड़ी। वहीं स्कूली बच्चों के तय समय से घंटों देर से घर पहुंचने पर अभिभावक भी घबरा उठे। कई स्कूलों में और बसों के चालकों, परिचालकों को फोन कर लोगों ने अपने बच्चों का कुशलक्षेम पूछा। यही नहीं जाम से कई अभिभावकों के छुट्टी में देर से स्कूल पहुंचने से बच्चे घबराकर रोने लगे। 

सुबह सीएम के एयरपोर्ट पहुंचने से करीब 40 मिनट पहले ही नंदानगर से लेकर मोहद्दीपुर तक ट्रैफिक रोक दी गई। उधर, देवरिया से आने वाले वाहनों को खोराबार के पास देवरिया बाईपास और कूड़ाघाट के पास रोक दिया गया। इसी तरह जिला अस्पताल के कार्यक्रम की वजह से सुबह 10.30 से लेकर एक बजे तक घोष कंपनी से कचहरी चौक और शास्त्री चौक से घोष कंपनी तक जाम लगा रहा। अंबेडकर चौक से कचहरी चौक और हरिओम नगर तक भी सड़कों पर गाड़ियां फंसी रहीं। रुस्तमपुर से बीच शहर में दाखिल होने के लिए लोग दाउदपुर काली मंदिर से लेकर दिवानी कचहरी तक घंटों हांफते रहे। उधर, दोपहर बाद राप्तीनगर से लेकर असुरन होते हुए धर्मशाला ओवरब्रिज तक कई जगहों पर भी सैकड़ों गाड़ियां 20 से 40 मिनट तक थम सी गईं।    
विज्ञापन


साहब! चार बज जाएंगे, बच्चों को ले जाइए
सिविल लाइंस स्थित एचपी चिल्ड्रेन एकेडमी, पिलर्स, स्प्रिंगर, आरपीएम, एमपी बालिका समेत आधा दर्जन से अधिक स्कूलों की छुट्टी दोपहर डेढ़ से सवा दो बजे के बीच होती है। जिला अस्पताल में योगी के देर से पहुंचने से 12.30 बजे के करीब बच्चों को स्कूल लेने जा रहे तमाम ऑटो पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिए। जाम देख समय से स्कूल न पहुंच पाने की आशंका में कई ऑटो चालकों ने अभिभावकों को फोन कर स्थिति की जानकारी देते हुए उन्हें स्कूल पहुंचकर बच्चों को ले जाने का निवेदन किया। उनका कहना था कि जाम बहुत लंबा है ऐसे में बच्चों को घर पहुंचाने में चार बज जाएंगे।  

ट्रेन पकड़ने सिर पर बैग रख पैदल चले लोग
पैडलेगंज के पहले से ही जाम लगने से रेलवे या बस स्टेशन जाने वाले लोगों को तीन किलोमीटर से अधिक तक की दूरी पैदल पूरी करनी पड़ी। पुरुषों के साथ महिलाएं भी एक हाथ में बच्चों को पकड़े और सिर पर बैग, अटैची लादे स्टेशन जाती दिखाई पड़ीं। यह सिलसिला सुबह 10 बजे शुरू हुआ जो दोपहर 3.30 बजे तक जारी रहा। 

कार्यक्रम में देरी से ध्वस्त हुई यातायात प्लानिंग
सीएम के आगमन को लेकर यातायात विभाग और पुलिस सतर्क थी। रूट चार्ट भी जारी किया गया था। आम लोगों को तय समय पर संबंधित रूटों की तरफ नहीं जाने की सलाह भी दी गई थी मगर सीएम के देर से पहुंचने से पूरा प्लान ध्वस्त हो गया। एक साथ अचानक कई सड़काें पर जाम लगने से यातायात पुलिस यह समझ ही नहीं सकी कि भीड़ को किस तरफ डायवर्ट करें। इस दौरान कई चौराहों पर पुलिस और लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें