युवक की मौत के बाद शव रखकर सड़क जाम की
गोला (गोरखपुर)। इलाके के कोहरा बुजुर्ग गांव में मारपीट में घायल शैलेश (38) की मौत के बाद नाराज लोगों ने मंगलवार को चंद चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हालांकि थोड़ी देर बाद पुलिस ने समझाकर लोगों को शाम कराकर जाम खत्म करा दिया।
घटना 28 नवंबर को हुई थी। पट्टीदार से विवाद में शैलेश घायल हो गए थे और रविवार की रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मंगलवार को शव लाए जाने के बाद चंद चौराहे पर लोगों ने जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि नामजद आरोपी महेंद्र, योगेंद्र, शैलेंद्र और जितेंद्र की जल्द गिरफ्तार की जाएगी।
जाम लगाए जाने की सूचना पर इंस्पेक्टर संतोष कुमार यादव सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा कर शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों पर गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।