सिलिंडर लदे ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौत
खोराबार(गोरखपुर)। रामगढ़ताल थानाक्षेत्र के देवरिया बाईपास रोड स्थित हनुमान मंदिर तिराहा (नौका विहार मोड़) के पास बुधवार की शाम करीब छह बजे गैस सिलिंडर लदे ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
कांशीराम आवासीय कॉलानी निवासी आसिफ (20) अपने मित्र कॉलोनी निवासी आदिल के साथ बाइक से बुधवार की शाम को किसी काम से बुद्ध विहार पार्ट सी गया था। वहां से वापस आते समय हनुमान मंदिर तिराहे के पास गंगा गैस कंपनी की सिलिंडर लदे ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दिया। बाइक पहिए के नीचे आ गई।
हादसे में आसिफ की मौत हो गई और आदिल घायल हो गया। आसिफ के पिता नौका विहार पर दुकान चलाते हैं। वह भी पढ़ाई के साथ ही दुकान में उनकी मदद करता था। इंस्पेक्टर राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आसिफ के शव को पोस्टमार्टम भेजकर उसके पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर ट्रक को कब्जे में लिया गया है।