तीन सड़क हादसों में रिटायर्ड शिक्षक समेत दो की मौत, एक घायल
गोरखपुर। जिले में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में रिटायर्ड शिक्षक समेत दो की मौत हो गई। वहीं एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार भोपा बाजार निवासी रिटायर्ड शिक्षक आफताब आलम(70) को शुक्रवार की दोपहर करीब बारह बजे तहसील गेट के सामने एक अनियंत्रित रोडवेज की अनुबंधित बस ने कुचल दिया। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह मूल रूप से देवरिया के खर्रोह के रहने वाले थे। वे चौरीचौरा के गंगा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज से रिटायर हुए थे। कस्बे में आवास बनाकर परिवार समेत रहते थे। किसी काम से पैदल ही निकले थे, सड़क पार करते समय बस की चपेट में आ गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया है।
पादरी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार शाहपुर के खजांची चौराहे के पास ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान चिलुआताल के बालापार निवासी आनंद कुमार के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था। चालक ट्रक लेेकर फरार हो गया। दूसरी ओर सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार महरावारी गांव के पास शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर लोनिया निवासी अच्छेलाल(35) गंभीर रूप में घायल हो गए। अच्छेलाल तीन दिन पूर्व सऊदी से आए हैं। कुछ दिन पूर्व सास का देहांत हो गया था। वे बाइक से ससुराल जा रहे थे।