चुनाव आयोग की चिट्ठी के बाद जोन में 11 ऐसे पुलिसकर्मी चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से कुछ के रिश्तेदार चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं, तो कुछ तीन साल से ज्यादा वक्त से एक ही जिले में ड्यूटी कर रहे हैं। चिह्नित पुलिसकर्मियों में बहराइच से तीन तथा गोंडा, बलरामपुर, देवरिया व कुशीनगर के दो-दो पुलिसकर्मी हैं। आईजी मोहित अग्रवाल ने इनकी सूची निर्वाचन आयोग को भेज दी है।
निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी आईजी से तीन बिंदुओें पर रिपोर्ट मांगी थी, जिनमें ऐसे पुलिसकर्मियों को चिह्नित करने को कहा गया था, जिनके रिश्तेदार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं या पिछला लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा ऐसे पुलिसवालों के भी नाम मांगे गए थे, जो पिछले चार साल के दौरान एक ही जिले में तीन साल का वक्त गुजार चुके हैं। आईजी की रिपोर्ट के मुताबिक गोरखपुर जिले में इन तीनों बिंदुओं से संबंधित एक भी पुलिसकर्मी नहीं मिले। चिह्नित पुलिसकर्मी में दो के रिश्तेदार चुनाव लड़ रहे हैं और उनकी तैनाती भी उसी जिले में हैं। दोनों ही उच्च अधिकारी हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद 24 घंटे में ही पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर सूची आयोग को भेज दी गई है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को लगातार दिशानिर्देश दिए जा रहे हैं।
- मोहित अग्रवाल, आईजी