सांसद रवि किशन ने एसपी ट्रैफिक वर्मा से मुलाकात की और जनता से यातायात नियमों की पालन करने की अपील
- फोटो : अमर उजाला
फिल्म अभिनेता और सदर सांसद रवि किशन ने बुधवार को एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा से मुलाकात कर यातायात नियमों और उसके उल्लंघन पर दंड की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने शहरवासियों से नियमों के अनुपालन की अपील की। उन्होंनेे कहा कि चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य लगाएं।
रवि किशन ने कहा कि नियम जनता की भलाई के लिए ही बने हैं। इस दौरान एसपी ट्रैफिक ने बताया कि सांसद के निर्देश के बाद एयरपोर्ट के पास पुलिस पिकेट लगा दी गई है। एयरपोर्ट पर टैक्सी वालों के मनमाना किराया वसूलने की खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद सांसद रवि किशन ने वहां पुलिस पिकेट लगाने को कहा था।
सांसद रवि किशन ने बाइक चलाने वाले लोगों से तीन सवारी ना लेकर चलने, नाबालिग बच्चों को बाइक चलाने की अनुमति न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियम बहुत ही सख्त हो गए हैं। रवि किशन बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। वह बृहस्पतिवार को भी शहर में रहेंगे और गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और अवेद्यनाथ की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।