रेलवे बस स्टेशन पर उत्तर प्रदेश सड़क राज्य परिवहन निगम द्वारा रैपिड लाइन बस सेवा का शुभारम्भ करतीं जिला पंचायत अध्यक्ष गीतांजली यादव ,मनुरोजन यादव व अन्य।
- फोटो : Mahesh Kumar
साधारण किराये में जल्द गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने मंगलवार से रैपिड लाइन बस सेवा शुरू की। इसका उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष गीतांजलि यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश सरकार की सराहना की और उसे विकास के लिए समर्पित बताया।
उद्घाटन समारोह में गीतांजलि यादव ने कहा कि रैपिड बसें चलने से यात्री जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे और किराया भी साधारण बसों वाला ही लगेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक सुग्रीव कुमार राय ने बताया कि परिवहन निगम की इस एक्सप्रेस सेवा की खासियत यह है कि इसमें स्टॉपेज कम है। इससे कम समय में बस यात्रिों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी। समारोह में सपा जिला महासचिव मनुरोजन यादव, सेवा प्रबंधक एमके सिंह, गोरखपुर डिपो के एआरएम आरके मंडल, राप्तीनगर डिपो के एआरएम मुकेश कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
यहां के लिए चलेंगी बसें
गोरखपुर से लखनऊ : वाया बस्ती बाईपास, फैजाबाद बाईपास
गोरखपुर से वाराणसी : वाया बड़हलगंज, जीयनपुर, आजमगढ़
पडरौना से वाराणसी : वाया गोरखपुर, बड़हलगंज, जीयनपुर, आजमगढ़
गोरखपुर से इलाहाबाद: वाया बड़हलगंज, जीयनपुर, आजमगढ़, जौनपुर
देवरिया से फैजाबाद : वाया गोरखपुर, बस्ती
बस्ती से कानपुर : वाया फैजाबाद, लखनऊ
अलीगढ़वा से वाराणसी : वाया गोरखपुर, बड़हलगंज, जीयनपुर, आजमगढ़, जौनपुर, इलाहाबाद