वासंतिक नवरात्र की पूर्णाहुति शुक्रवार को कन्या पूजन और हवन के साथ पूरे विधि-विधान से हुई। साथ ही रामनवमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। इसे लेकर पूरे दिन शहर के विभिन्न मंदिरों व शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों के साथ-साथ घरों में वेदमंत्र गूंजे और हवन से पूर्णाहुति की गई। इस दौरान देवी भजनों की गूंज रही तो छप्पन भोग से भगवान राम के प्रति श्रद्धा प्रकट करने की भक्तों में ललक देखी गई।
नवमी पूजन को लेकर श्रद्धालुओं की तैयारी बृहस्पतिवार की देर रात से शुरू हो गई। महिलाओं ने स्नान-ध्यान के बाद लजीज व्यंजन बनाए और सूर्योदय से पहले भोजन के अंश के साथ हवन-पूजन किया। मंदिरों में उमड़ी भीड़ मेले के माहौल का अहसास करा रही थी। मां के दरबार में नारियल, चुनरी और व प्रसाद चढ़ाया गया।
दर्शन-पूजन के बाद कुछ ने मंदिर में ही तो कुछ ने घर आकर कन्या भोजन कराया और दान-दक्षिणा की धार्मिक प्रक्रिया पूरी की। लेहड़ा देवी मंदिर, तरकुलही देवी मंदिर, बुढ़िया माता का मंदिर, बेतियाहाता, गोलघर व बक्शीपुर के काली मंदिर समेत सभी मंदिरों में सुबह से लेकर रात तक हवन-पूजन का सिलसिला चलता रहा।
दीपों से जगमगाया सूर्यकुंड धाम
सूर्यकुंड धाम में शुक्रवार को राम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर धाम में सुबह से ही वेदमंत्रों की गूंज सुनाई देने लगी। दोपहर बाद तक हवन-पूजन का यह सिलसिला चलता रहा। शाम ढलते ही श्रद्धालु सूर्यकुंड सरोवर के पास इकट्ठा हुए और दीपदान किया। इससे सरोवर जगमगा उठा। दीपदान के बाद भजन संध्या आयोजित हुई, इसमें गायक कलाकारों ने देवी गीतों की बेहतरीन प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों से आनंदित होते रहे।
रामजानकी मंदिर में मना राम जन्मोत्सव
राम जानकी मंदिर समिति की ओर से मंदिर परिसर में शुक्रवार को धूमधाम से राम जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी फणींद्र दास ने पूरे विधि-विधान से श्रीराम का जन्म कराया। मंदिर परिसर भए प्रगट कृपाला दीनदयाला, कौशल्या हितकारी... की मधुर ध्वनि से गूंज रहा था। भजनों का सिलसिला ऐसा चला कि समिति की अनीता गोयल, रेखा गोयल ने माहौल में भक्तिरस घोल दिया। समिति की अध्यक्ष रीता अग्रवाल, दीपा गोयल, रश्मि गोयल, नूतन गोयल आदि ने भजनों पर नृत्य कर सभी को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। आयोजन में निशा गोयल, बबिता कारीवाल, गोमती अग्रवाल, वंदना चोखानी, वेद प्रकाश अग्रवाल, रवि गोयल, रमाशंकर गुप्ता, सुरेश चंद्र गोयल, स्वाती गोयल आदि शामिल रहे।
रामचरित मानस का पाठ हुआ
रामनवमी के अवसर पर भारतीय युवा जनकल्याण समिति की ओर से गोरखनाथ क्षेत्र में भव्य आयोजन किया गया। जहां युवाओं और विद्वतजनों ने रामचरित मानस का पाठ किया। साथ ही मानस के आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया। इस दौरान कुलदीप पांडेय, रमेश पांडेय, रणधीर पांडेय, रमेश पांडेय, आकाश शुक्ला, मेघराज मिश्र, अविनाश चौबे, देवेंद्र प्रताप मिश्र, दीपक चौहान, अखिलेश मल्ल आदि मौजूद रहे।
भव्य शोभा यात्रा निकाली गई
राम महोत्सव के तत्वावधान में लालडिग्गी चौक स्थिति दुर्गा मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के बीच निकली झांकी में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकलकर मिर्जापुर, खूनीपुर, चौरहिया गोला, बक्शीपुर, रेती चौक, घंटाघर, हाल्सीगंज, शेषपुर होते हुए साहबगंज दुर्गा मंदिर जाकर संपन्न हुई। जहां महाआरती की गई। शोभायात्रा में सांसद योगी आदित्यनाथ, विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, शिव सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, राजकुमार गुप्त, भानुप्रकाश, राजेश केशरवानी आदि मौजूद रहे।
गाय पूजन के साथ संपन्न हुआ यज्ञ
गोरखपुर पशुपक्षी सेवाश्रम नौसड़ में रामनवमी के अवसर पर नंदिनी गाय का पूजन किया गया और साथ ही विधि-विधान से यज्ञ की पूर्णाहुति दी गई। इस अवसर पर वरुण कुमार वर्मा वैरागी, पूर्व पार्षद लालचंद यादव, प्रहलाद गुप्ता, हरीशचंद पांडेय, नरसिंह नारायण पांडेय आदि मौजूद रहे।