बुधवार की सुबह हुए बारिश के बाद जिला अस्पताल के न्यू ओपीडी में लगा बारिश का पानी।
गोरखपुर। आंधी के साथ बुधवार की सुबह हुई जरा सी बारिश ने थोड़ी देर तक राहत तो दी लेकिन इसके बाद वायु में आर्द्रता बढ़ने और जलभराव से लोग दिनभर परेशान रहे। उमस भरी गर्मी के बीच देर शाम तक लोगों को बेचैनी महसूस होती रही और पसीना टपकता रहा। बारिश के बाद निकली धूप से हीट इंडेक्स बढ़ गया और 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान में 42 डिग्री सेल्सियस के बराबर गर्मी का अहसास हुआ। 29 जून से एक जुलाई तक झमाझम बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बुधवार को शहर में आर्द्रता 81 प्रतिशत जबकि बारिश 14.2 मिलीमीटर दर्ज की। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी निम्न वायुदाब क्षेत्र बन रहा है। यह परिस्थितियां गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 29 जून से बारिश की वजह बनेंगी। बारिश का यह सिलसिला एक जुलाई तक चल सकता है।
मरम्मत पर चार करोड़ खर्च फिर भी विकास भवन में पानी
हाल ही में जिला प्रशासन ने करीब चार करोड़ की लागत से पूरे विकास भवन की मरम्मत कराई थी। मगर बुधवार की सुबह हुई थोड़ी सी बारिश की वजह से विकास भवन की उस गली में घंटे भर तक पानी लगा रहा जहां से समाज कल्याण, जिला आपूर्ति विभाग, जिला पंचायतीराज अधिकारी कार्यालय समेत छह से अधिक विभागों के लोग अपने-अपने दफ्तर में दाखिल होते हैं। उधर कलेक्ट्रेट, जिला अस्पताल परिसर में भी दोपहर तक जलभराव की स्थिति देखने को मिली। इसी तरह असुरन से धर्मशाला रोड, नखास, रेती, साहबगंज, मंडी, दाउदपुर और रुस्तमपुर के कई इलाकों में भी घंटो पानी लगा रहा जिससे कई लोग परेशान हुए।