पेट्रोल पंप की जांच करते अधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala
एक दिन पूर्व पेट्रोल पंप पर घटतौली पकड़े जाने के बाद गुरुवार को भी पंपों की जांच का अभियान जारी रहा। एसटीएफ, जिला आपूर्ति और बाट-माप विभाग की टीम ने जांच की। हालांकि चार पंपों की जांच में कहीं कोई कमी नहीं मिली। जांच टीम ने साफ किया है अभियान आगे जारी रहेगा। जहां भी गड़बड़ी या कमी मिलेगी, कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम गुरुवार की सुबह सबसे पहले खोराबार के ऊषा फीलिंग स्टेशन पहुंची। यहां एक-एक मशीन को खोलकर जांच की गई, लेकिन कोई कमी नहीं मिली। यहीं जांच शुरू होते ही अन्य पेट्रोल पंप मालिकों को खबर लग गई। उनमें हड़कंप मच गया। कई पंप मालिकों ने अपने करीबी अफसरों तक को फोन कर खुद के पंप की जांच न करने की सिफारिश करनी शुरू कर दी। इसके बाद टीम नौसड़ के माधव पेट्रोल पंप पर पहुंची। यहां के बाद टीम ने खजरी रोश के कुशाल सेवा केंद्र और हमारा पेट्रोल पंप की जांच की। जांच के दौरान कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कर्मचारी ही कराते हैं चोरी
मशीन की पल्सर यूनिट में चिप फिट करने का काम कर्मचारी ही करते हैं। जानकारों की मानें तो ऑयल कंपनी के कर्मचारी अगर चिप न लगाएं तो दूसरा कोई भी इस काम को कर ही नहीं सकता। इसे लेकर ऑयल कंपनी के अफसर अपने कर्मचारियों के पेच कसने की तैयारी में हैं। अफसर गोपनीय तरीके से उन कर्मचारियों को चिह्नित कर रहे हैं जो इस काम से जुड़े हुए हैं।