सात सितंबर को राहुल गांधी शहर के मुख्य बाजारों में रोड शो करेंगे। सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जाकर इंसेफेलाटिस पीड़ितों से मिलने के बाद रवह विश्वविद्यालय चौराहे से अपने रोड शो की शुरुआत करेंगे। शहर के तमाम इलाकों में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। दरअसल, गोरखपुर शहर में राहुल गांधी का जो रूट तैयार किया गया है वो शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरता है।
शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से जनता पूरी तरह से निराश है। किसान सर्वाधिक उपेक्षित हैं। कांग्रेस पार्टी में उन्हें उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है। वाराणसी में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की रैली में उमड़ा जनसैलाब इसकी तस्दीक कर चुका है। इसी क्रम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी किसानों के साथ संवाद स्थापित करने की यात्रा पर निकल रहे हैं। राहुल गांधी की देवरिया से दिल्ली तक होने वाली किसान यात्रा छह सितंबर को रुद्रपुर से शुरू होगी।
सतासी कॉलेज में खाट सभा करने के बाद उनका देवरिया में रोड शो होगा। इसके बाद कुशीनगर में लीलावती देवी स्टेडियम में खाट सभा होगी और शाम को गोरखपुर पहुंचेंगे। गोरखपुर रात्रि विश्राम के बाद सुबह 10 बजे बीआरडी मेडिकल कॉलेज जाएंगे। वहां से लौटने के बाद विश्वविद्यालय चौराहा से उनका रोड शो शुरू होगा। यहां से सिटी माल, गणेश चौराहा, चेतना तिराहा, कचहरी चौराहा, महात्मा गांधी की प्रतिमा, बैंक रोड, अग्रसेन तिराहा, राजकीय जुबली इंटर कॉलेज, नखास चौक, रेती चौक, मदीना चौक, घोष कंपनी चौराहा, शास्त्री चौक होते हुए अंबेडकर प्रतिमा पास पहुंच रोड शो का समापन होगा।
इसके बाद रुस्तमपुर ढाला होते हुए संतकबीरनगर चले जाएंगे। वहां भी उनकी खाट सभा होगी। डॉ. जमाल ने बताया कि कांग्रेस के पदाधिकारियों और आम कार्यकर्ताओं की कई टीम बनाई गई है जो किसान, दलित, मजदूर, गृहणी, व्यापारियों, अल्पसंख्यकों, बुनकरों, छात्रों से मिलकर राहुल गांधी की किसान यात्रा में जुड़ने की अपील करेगी और उनकी राय लेगी।