नगर निगम की सीमा में छह माह पहले जिन 43 गांवों को शामिल करने का शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, उसे जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि जून-जुलाई में संभावित निकाय चुनाव से पहले इसकी सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ऐसा होने पर नगर निगम के अंतर्गत 80 वार्ड हो जाएंगे, जिससे मतदाताओं की संख्या करीब 15 लाख हो जाएगी। चुनाव के मद्देनजर सीमा विस्तार को देखते हुए नगर निगम मतदाताओं की सूची तैयार करने में जुट गया है।
नगर निगम का कार्यकाल 17 जुलाई 2017 को खत्म हो जाएगा। ऐसे में चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 2011 की जनगणना के मुताबिक ही वोटरों की सूची फाइनल की जा रही है। नगर निगम की सीमा के विस्तार योजना 2016 से ही चल रही है। तीन से चार मोहल्लों या इतने ही गांवों को मिलाकर एक वार्ड बनाया जाएगा। शासन को भेजी 43 गांवों की सूची के बाद 10 नए वार्ड बनने की संभावना है। ऐसे में आगामी चुनाव में बढ़े हुए मतदाताओं को भी शामिल किया जाना है।
10 साल बाद हो रहा सीमा विस्तार
2000 में नगर निगम में 60 वार्ड थे, तब 127 मतदान केंद्र और 550 बूथ बनाए गए थे, जबकि मतदाताओं की संख्या 4,98,925 थी। 2006 में नगर निगम का विस्तार हुआ और 70 वार्ड बन गए। तब मतदाताओं की संख्या 5,67,355 हो गई। इसके बाद 2012 में भी 70 वार्ड में ही चुनाव कराया गया। उस वक्त इस वार्डों में 8,42,332 मतदाता थे।
इन 43 गांवों की सूची भेजी शासन को
सिक्टौर, तप्पा हवेली, रानीडीहा, खोराबार उर्फ सूबा बाजार, जंगल सिकरी उर्फ खोराबार, भरवलिया बुजुर्ग, कजाकपुर, बड़गो, रजही, मनहट, गायघाट बुजुर्ग, पथरा, बाघरानी, गायघाट खुर्द, अमवा, तप्पा मछरी चंदौर, जंगल हकीम नंबर-2, हरसेवकपुर नंबर-2, जंगल छत्रधारी, वैनपुर, मुडिला उर्फ मुंडेरा, मिर्जापुर तप्पा खुटहन, कम्हरिया उर्फ करम्हा, दौलतपुर, पीपरी, नौसड़ के पास, भिलौरा खुर्द, भिलौरा बुजुर्ग, बहरामपुर दक्षिणी, जंगल एकला नंबर-1, जंगल एकला नंबर-2, अमवा तप्पा खुटहन, गुलरिहा, जंगल धूसड़, जंगल तिकोनिया नंबर-1, जंगल तिकोनिया नंबर-2, जंगल तिकोनिया नंबर-3, सोनबरसा, तप्पा मराछी चंदौर, सिक्टौर तप्पा मराछी चंदौर, जंगल बहादुर अली, नूरूद्दीन चक, रहमतनगर, चकरा दोयम, डोमिनगढ़ और रामपुर।