प्रो. पुष्पेश पंत
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के नए कुलपति के चयन के लिए बनने वाली सर्च कमेटी के सदस्य का चयन शनिवार को कार्य परिषद की बैठक में हो गया। कार्य परिषद ने दिल्ली के प्रो. पुष्पेश पंत को सर्च कमेटी में अपनी ओर से सदस्य नामित किया है। इसके साथ ही बैठक में कर्मचारियों एवं शिक्षकों के प्रमोशन का अनुमोदन हो गया। कार्य परिषद में प्रमोशन पर अनुमोदन होने से कर्मचारियों एवं शिक्षकों में खुशी है।
शनिवार को कार्य परिषद की बैठक कुलपति प्रो. अशोक कुमार की अध्यक्षता में शुरू हुई। इसमें राजभवन से आए आदेश के अनुक्रम में सर्च कमेटी के सदस्य के चयन पर चर्चा शुरू हुई। चूंकि कुलपति प्रो. अशोक कुमार का कार्यकाल फरवरी में पूरा हो रहा है, इसलिए राजभवन नए कुलपति के चयन की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। नए कुलपति के चयन के लिए तीन सदस्यीय सर्च कमेटी पांच नामों का प्रस्ताव कुलाधिपति को देती है। इस पर अंतिम निर्णय कुलाधिपति लेते हैं। इस कमेटी में एक सदस्य यूनिवर्सिटी की ओर से तो बाकी दो हाईकोर्ट और राजभवन की ओर से नामित किए जाते हैं।
शनिवार को हुई बैठक में दिल्ली के प्रो. पुष्पेश पंत के नाम पर सहमति बनी। इसके साथ ही शिक्षकों एवं कर्मचारियों के ग्रेड पे (प्रमोशन) पर भी चर्चा हुई। कार्य परिषद ने प्रमोशन के प्रस्ताव पर अपना अनुमोदन दे दिया। 10 कर्मचारी और 11 शिक्षकों को अब इसका लाभ मिलेगा। बैठक में परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, प्रो. यूपी सिंह, प्रो. एसके सेन गुप्ता, प्रो. एसके दीक्षित, प्रो. सुनीता, प्रो. आरपी सिंह, फाइनेंस अफसर अतुल कुमार श्रीवास्तव मौजूद थे।