9 दिसंबर को गोरखपुर आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनकी पत्नी की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। जमीन पर सेना, पैरामिलिट्री, एटीएस समेत चार हजार से अधिक फोर्स तैनात रहेगी तो आसमान में वायु सेना के हेलीकाप्टर और ड्रोन नजर रखेंगे। सर्किट हाउस वाले मार्ग पर नजर रखने के लिए रामगढ़ताल में स्टीमर पर फोर्स तैनात रहेगी। एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस और वहां से गोरखनाथ मंदिर के बीच ऊंची इमारतों पर जगह-जगह स्नाइपर्स पोजिशन संभालेंगे।
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए दो घेरे होंगे। पहले घेरे में सेना के जवान मोर्चा संभालेंगे तो दूसरे में पैरामिलिट्री फोर्स, एटीएस, पीएसी, एसटीएफ और पुलिस तैनात रहेगी। उनकी सुरक्षा के लिए जोन के 11 जिलों से लगभग चार हजार जवानों की मांग की गई है।
फोर्स जो मांगी गई
- पांच कंपनी पीएसी
- तीन कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स
- दस एसपी, दस एडिशनल एसपी
- 20 सीओ, सौ इंस्पेक्टर, 150 दरोगा
- 2400 पुरुष सिपाही, सौ महिला सिपाही
होटल-विवाह घरों में ठहराई जाएगी फोर्स
बाहर से आने वाली फोर्स के ठहरने के लिए शहर के होटल, धर्मशाला, मैरेज हाउस और स्कूल-कॉलेजों में व्यवस्था की जा रही है। ऐसे सभी स्थानों की सूची तैयार की जा रही है।
शुक्रवार को आ जाएगी राष्ट्रपति की विशेष टीम
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा, यात्रा मार्ग और उनके ठहरने और खाने-पीने की तैयारियां जांचने के लिए विशेष टीम सात दिसंबर को शहर पहुंच जाएगी। टीम में आइएएस, आइपीएस और सैन्य सेवाओं के करीब 35 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इनमें से ज्यादातर अधिकारी शुक्रवार को ही दस्तक दे देंगे जबकि बाकी बचे कुछ विशेष अधिकारी आठ दिसंबर को आएंगे।
राष्ट्रपति और उनकी पत्नी सविता कोविंद नौ दिसंबर को गोरखपुर पहुंच रहे हैं। 10 दस दिसंबर को महाराणा प्रताप शिक्षण संस्थान के संस्थापक स्थापना समारोह के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे दिल्ली लौट जाएंगे। राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों की समीक्षा प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के से करेंगे। इस दौरान गोरखपुर से एडीजी, कमिश्नर, आइजी, डीएम और एसएसपी आदि अफसर मौजूद रहेंगे।
रेलवे गेस्ट हाउस में रुकेंगे राज्यपाल
राष्ट्रपति का स्वागत करने गोरखपुर आ रहे राज्यपाल राम नाईक रेलवे के अति विशिष्ट गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। जिला प्रशासन इसके लिए रेलवे अधिकारियों के संपर्क में हैं।
खुली रहेगी नंदानगर रेलवे क्रासिंग
राष्ट्रपति का काफि ला एयरपोर्ट से सर्किट हाउस आने और अगले दिन गोरखनाथ मंदिर से एयरपोर्ट जाने के दौरान नंदानगर रेलवे क्रासिंग खुली रहेगी। जिला प्रशासन के अधिकारी इसके लिए भी रेलवे अफ सरों के संपर्क में हैं।
मोहद्दीपुर से मंदिर तक रोशन हुई सड़क
गोरखपुर। मोहद्दीपुर से धर्मशाला होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक डिजाइनर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा हो गया है। गुरुवार शाम को इन्हें जलाकर टेस्टिंग भी कर ली गई। मोहद्दीपुर से मंदिर तक स्ट्रीट लाइटें लगाने की जिम्मेदारी नगर निगम की थी जबकि एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस तक का जिम्मा जीडीए को दिया गया था।
जीडीए ने भी बृहस्पतिवार को पैडलेगंज से लेकर सर्किट हाउस तक लाइट लगाने का काम पूरा कर लिया। उधर जीडीए और नगर निगम की टीम ने पैडलेगंज से मोहद्दीपुर तक के बीच कई जगहों पर अतिक्रमण भी हटाया। सड़कों की सफाई, डिवाइडर और फुटपाथ के रंग-रोगन का काम भी तेजी से चल रहा है।