गोरखपुर। रामपुरवा इंटर कॉलेज खजनी के मैदान पर आयोजित खंड स्तरीय ग्रामीण खुली खेलकूद प्रतियोगिता के 200 मीटर दौड़ में प्रमेश यादव चैंपियन बने। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सपा जिला उपाध्यक्ष प्रहलाद यादव रहे। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में प्रमेश यादव प्रथम, इंद्रेश निषाद द्वितीय तथा दिनेश यादव तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में नेहा प्रथम, गीता द्वितीय तथा रीतू यादव तीसरे स्थान पर रही। 800 मीटर दौड़ में शैलेंद्र प्रथम, सुरेश द्वितीय तथा राजकुमार तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में गरिमा यादव प्रथम, पिंकी द्वितीय तथा बबली तीसरे स्थान पर रही।
1500 मीटर दौड़ में दिनेश प्रथम, अजय द्वितीय तथा सत्येंद्र तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद में विशाल प्रथम, सुनील द्वितीय तथा संतोष तीसरे स्थान पर रहे। बालक वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में आशापार ने औजी को हराकर खिताब जीता। बालिका वर्ग में रामपुरवा इंटर कॉलेज ने खुरमार को हराकर चैंपियन बनी। प्रतियोगिता के समापन के मुख्य अतिथि प्रभारी खंड विकास अधिकारी खजनी और रामपुरवा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जीपी यादव रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।