मोहद्दीपुर में इंसुलेटर पंक्चर हो जाने से हुई दिक्कत
मोहद्दीपुर तिराहे के पास इंसुलेटर पंक्चर हो जाने से तारामंडल उपकेंद्र से जुड़े हजारों घरों में सात घंटे तक बिजली ठप रही। सुबह करीब 10 बजे बाधित हुई बिजली शाम पांच बजे बहाल हो सकी। उधर, घंटों बिजली कटी रहने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश था। अलग-अलग ग्रुप में कई मोहल्लों के उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पहुंचकर महकमे के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कोई भी जिम्मेदार यह बताने वाला नहीं था कि आखिर आपूर्ति कब बहाल होगी।
नाली निर्माण की वजह से रेल विहार और राप्तीनगर फेज चार में भी सुबह 11 बजे से तीन बजे तक बिजली बाधित रही। हालांकि इन दोनों क्षेत्रों में महकमे की तरफ से कटौती की पूर्व में ही सूचना दे देने से लोगों को परेशानी कम हुई, मगर तारामंडल उपकेंद्र से जुड़े इलाके में पूरे दिन लोग परेशान रहे। बारिश की वजह से गर्मी से थोड़ी राहत तो मिली मगर दोपहर बार उमस बढ़ने से लोग परेशान रहे। बता दें कि लोकल फाल्ट को समय से दुरुस्त करने में महकमा पूरी तरह फेल है। छोटी सी भी गड़बड़ी होने पर महकमे के सक्रिय होने और उसे दुरुस्त करने में घंटों का समय लग जा रहा है। रात को अगर कहीं फाल्ट हो जाए तो तमाम इलाकों के लोगों के सुबह तक बिजली का इंतजार करना पड़ता है।