मुख्य डाक घर पर रजिस्ट्री कराने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
हेड पोस्ट ऑफिस आगामी रविवार को भी खुलेगा। इस दिन रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और स्टैंप बिक्री का कामकाज होगा। प्रवर अधीक्षक डाक (एसएसपी) ने आदेश जारी कर दिया है। नगर निगम की सफाई कर्मी भर्ती परीक्षा के लिए हेड पोस्ट ऑफिस में जुटने वाली भीड़ देेखते हुए विभाग ने रविवार को भी हेड पोस्ट ऑफिस को खोलने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को हेड पोस्ट ऑफिस में पहुंचे एसएसपी ने निरीक्षण कर पूरी व्यवस्था को देखा। इसके बाद सीनियर पोस्ट मास्टर के चैंबर में कर्मचारियों के साथ बैठक कर रविवार की कार्ययोजना तैयार की। तय हुआ कि आठ काउंटर खोले जाएंगे। इनमें रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट की बुकिंग के लिए चार काउंटर रहेंगे। इसके अलावा स्टैंप की बिक्री के लिए भी चार काउंटर बनाए जाएंगे। प्रत्येक काउंटर पर दो-दो कर्मचारी लगाए जाएंगे, जिससे रसीद देने और रुपये के लेन-देने में किसी तरह की दिक्कत न हो। इस तरह 16 कर्मचारी काम करेंगे।
प्रवर अधीक्षक डाक डीबी त्रिपाठी ने बताया कि रविवार की सुबह 10 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक हेड पोस्ट खुला रहेगा। इस दौरान सफाई कर्मी भर्ती के आवेदकों के अलावा कोई भी रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट कर सकता है और स्टैंप खरीद सकता है। बताया कि सामान्य दिनों में केवल तीन काउंटर की व्यवस्था थी, इनमे से दो काउंटरों पर रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट की बुकिंग होती थी और एक काउंटर पर स्टैंप की बिक्री की जाती थी। विभाग को केवल तीन कर्मचारी लगाने पड़ते थे।