चुनाव अचार संहिता लागू होने के साथ ही असलहे जमा करने की शुरू हुई कवायद में सख्ती तेज हो गई है। पुलिस विभाग की ओर से अब गुमनाम और मनमानी कर रहे असलहाधारियों के लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश की गई है। अब तक जिले में ऐसे 10 लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट लगाई जा चुकी है।
आचार संहिता लागू होने के बाद शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पुलिस ने जब लाइसेंसी असलहे जमा कराने की कवायद शुरू की, तो सामने आया कि जिले में कई लोग ऐसे हैं, जो सिफारिश के बाद भी असलहे नहीं जमा कर रहे हैं। वहीं कई का पता बदल चुका है। आईजी मोहित अग्रवाल के निर्देश के बाद उन लोगों के लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश की गई है, जिनसे या तो समाज को खतरा है या फिर पुलिस के कहने पर भी वे असलहे नहीं जमा कर रहे हैं।
पकड़े जा चुके हैं 522 अवैध असलहे, कारतूस
जोन में अब तक 522 अवैध असलहे व कारतूस पकड़े जा चुके है। गोरखपुर में 42 असलहा, 110 कारतूस, देवरिया में 25 असलहा, 50 कारतूस, कुशीनगर में 35 असलहा, 30 कारतूस, महराजगंज में 30 असलहा, 30 कारतूस, बस्ती में 65 असलहा, 90 कारतूस, संतकबीरनगर में 15 असलहा, 12 कारतूस, सिद्धार्थनगर में 20 असलहा, 15 कारतूस, गोंडा में 65 असलहा, 60 कारतूस, बलरामपुर में 40 असलहा, 40 कारतूस, बहराइच में 150 असलहा, 100 कारतूस, श्रावस्ती में 35 असलहा, 35 कारतूस पकड़े गए हैं।
ऐसे मिल सकती है छूट
यदि आप को लगता है कि चुनाव के वक्त आप के पास असलहा होना जरूरी है तो इसके लिए जिले स्तर पर स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है। डीएम की अध्यक्षता वाली इस कमेटी में एसएसपी भी हैं। प्रार्थना पत्र पर दोनों अफसर विचारकर असलहा न जमा करने की छूट दे सकते हैं।
जोन में जमा हो चुके हैं 61 हजार 950 असलहे
गोरखपुर- 12 हजार
कुशीनगर- 3 हजार 800
महराजगंज- 28 हजार 800
देवरिया- 8 हजार
बस्ती- 6 हजार 800
सतंकबीरनगर- 3 हजार 400
सिद्धार्थनगर- 3 हजार 800
गोंडा- 11 हजार
बलरामपुर- 4 हजार
श्रावस्ती- 1 हजार 700
बहराइच- 5 हजार 750
शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए लाइसेंसी असलहों को जमा कराया जा रहा है। जोन में अब तक काफी असलहे जमा हो चुके हैं। साथ ही पुलिस ने बड़ी संख्या में अवैध असलहे व कारतूस भी पकड़े हैं। चुनाव से पहले शत प्रतिशत असलहे जमा करा लिए जाएंगे।
- मोहित अग्रवाल, आईजी जोन