पुलिसकर्मियों व पीएसी जवानों को भी मिली कैंटीन की सुविधा
विष्णु त्रिपाठी
गोरखपुर। सरकार ने एक नई पहल के तहत अब पुलिसकर्मियों व पीएसी जवानों को भी कैंटीन की सुविधा मुहैया कराई है। जहां उन्हें व उनके परिवार वालों को कार्ड दिखाने के बाद बाजार मूल्य से सस्ते दर पर सामान मिलेगा। गोरखपुर के बिछिया स्थित 26वीं वाहिनी पीएसी में मास्टर कैंटीन व सहायक कैंटीन खोली गई है। यहां से पीएसी सहित आसपास के छह जिलों के पुलिसवालों को सस्ते दर पर सामान मुहैया कराया जा रहा है।
छह सितंबर को डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने लखनऊ में गोरखपुर सहित आठ जिलों में मास्टर कैंटीन व बीस जिलों में सीपीसी (सहायक) कैंटीन का लोकार्पण किया था। सरकार का मानना है कि चूंकि पुलिसकर्मी बाहर जाकर ड्यूटी करते हैं। इससे उनके परिवार वालों को सामान आदि की खरीददारी करने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए यह पहल की गई है। सरकार धीरे धीरे सभी जिलों की पुलिस लाइंस में सहायक कैं टीन स्थापित करेगी। सहायक कैंटीन में सामान मास्टर कैंटीन से भेजा जाएगा। यहां पुलिसकर्मियों व पीएसी जवानों के अलावा उनके परिवारवालों को उच्च गुणवत्ता का ब्रांडेड सामान मिलेंगे।
::: इन जिलों के सहायक कैंटीन को जाएगा सामान
पीएसी स्थित मास्टर कैंटीन के प्रभारी रूद्र प्रताप मल्ल ने बताया कि यहां से 26वीं वाहिनी पीएसी, महराजगंज पुलिस लाइंस के सहायक कैंटीनों में सामान भेजा गया है। आने वाले दिनों में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, सिद्घार्थनगर, संतकबीरनगर, श्रावस्ती, बस्ती, बहराइच के पुलिस लाइंस स्थित सहायक कैंटीनों में पुलिसवालों के लिए सामान भेजा जाएगा। जहां से वे कार्ड दिखाकर सस्ते दर पर सामान ले पाएंगे।
::: 25 से 40 प्रतिशत तक सस्ता मिल रहा सामान
मास्टर कैंटीन प्रभारी रूद्र प्रताप मल्ल व 26वीं वाहिनी सीपीसी कैंटीन के प्रभारी रवि कुमार यादव ने बताया कि यहां अलग-अलग सामानों पर बाजार भाव से 25 से 40 प्रतिशत सस्ते दर पर सामान मिल रहे हैं। फिलहात अभी हिंदुस्तान लीवर के ही किराना व कास्मेटिक से संबंधित सामान ही मिल रहे हैं। यह छूट कंपनी से मिल रही है। जीएसटी आदि टैक्स की छूट नहीं है। 6 सितंबर से लेकर अबतक पीएसी के सहायक कैं टीन में करीब दो सौ जवानों व उनके परिवार वालों ने खरीददारी की है। लगभग दो से ढाई लाख के सामान की बिक्री हुई है। पूरे प्रदेश में कहीं से भी पुलिसवाले कार्ड दिखाकर सामान ले सकते हैं।
:: अटैची व हेलमेट का भी दिया आर्डर
आने वाले दिनों में कैंटीन से सभी प्रकार के सामान मिलेंगें। हेलमेट और अटैची का आर्डर दिया गया है। जल्द ही ये सामान आ जाएंगे। जिसे बेचा जाएगा। इलेक्ट्रानिक सामानों को भी मंगाया जाएगा।
वर्जन
मास्टर कैंटीन व सहायक कैंटीन का संचालन शुरू हो गया है। अभी जरूरी सामान मिल रहा है। पुलिसकर्मियों व जवानों का उत्साह भी बड़ी मात्रा में सामने आ रहा है। आने वाले समय में सभी प्रकार के सामान मिलेगा।- ओमप्रकाश सिंह, सेनानायक