जबरन रिटायर किए जाएंगे जिले के 22 पुलिसकर्मी
गोरखपुर। जिले के 22 पुलिसकर्मियों को जबरन रिटायर किया जाएगा। स्क्रीनिंग कमेटी ने इनकी लिस्ट आईजी और एडीजी को भेज दी है। गोरखपुर जोन में इस तरह से रिटायर किए जाने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या 49 होगी। जोन के 11 जिले में सर्वाधिक दागी गोरखपुर जिले में ही पाए गए हैं। सिद्धार्थनगर में कोई पुलिसकर्मी दागी नहीं मिला है।
शासन ने 50 वर्ष की उम्र पार कर चुके उन पुलिस वालों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया था, जो आम तौर से ड्यूटी से गैर हाजिर रहते हैं, काम करने में अक्षम हैं या लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। डीजीपी ने ऐसे पुलिस वालों को चिह्नित करने के लिए जिले स्तर पर कम से कम तीन राजपत्रित अधिकारियों की स्क्रीनिंग कमेटी गठित करने का निर्देश दिया था। पुलिसकर्मियों की चरित्र पंजिका और उनके कार्य-व्यवहार को आधार बनाकर निष्क्त्रिस्य, बीमार और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त कर्मचारियों को चिह्नित करना था। गोरखपुर जिले की सूची में 15 सिपाही और सात हवलदारों को जबरियां रिटायरमेंट देने की श्रेणी में पाया गया। अफसरों के मुताबिक इस जद में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व निष्क्त्रिस्य पुलिस वालों को रखा गया है। इसमें भी जिन्हें तीन से ज्यादा दंड मिल चुका है उन्हें ही छांटा गया है।
जेल गए दारोगा-सिपाही और बाबू बचे
भ्रष्टचार के मामले में जेल गए दारोगा, सिपाही और बाबू फिलहाल जबरन रिटायरमेंट की सूची से बच गए हैं। शासन ने जिस तरह का सख्त रुख अपनाया है उससे इनकी भी नौकरी पर तलवार लटक रही थी। हालांकि इनमें किसी का पहला अपराध था तो किसी का दूसरा। तीसरा तक मामला न पहुंचने से ये बच गए। मामला कोर्ट में होने का भी इन्हें फायदा मिला।
यह है सूची
गोरखपुर में 15 सिपाही, 7 हवलदार
बस्ती 4 सिपाही
संतकबीरनगर के 1 दीवान
देवरिया से 1 सिपाही
कुशीनगर से 1 दारोगा, 1 सिपाही
महराजगंज से 1 दीवान और 7 सिपाही
गोंडा से 1 इंस्पेक्टर
बलरामपुर से 1 दारोगा व 1 सिपाही
श्रावस्ती से 1 दारोगा, 2 दीवान, 2 सिपाही व 1 लिपिक
बहराइच से 1 दरोगा
जोन के 209 पुलिसकर्मी लखनऊ जीआरपी भेजे गए
गोरखपुर। जोन में तीन साल से जमे 209 पुलिसकर्मियों को एडीजी कार्मिक ने लखनऊ जीआरपी में भेज दिया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर नई तैनाती स्थल पर जाना होगा। सभी जोन में तीन वर्ष से ज्यादा समय से तैनात थे।