बजुगोऱ्ं को गुड मार्निंग बोलती पुलिस
सुबह की सैर कर रहे लोगों को पुलिस ने बोला ‘गुड मार्निंग’
गोरखपुर। पुलिस ने शहर के पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर टहलने वाले लोगों से रविवार सुबह मुलाकात की। सभी का हाल जाना और उनसे पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाईयों पर राय ली। मोबाइल नंबर देकर हर मुश्किल में साथ होने का भरोसा दिया। साथ ही सभी से सहयोग की अपील भी की।
दरअसल, एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता ने एक सप्ताह पूर्व महकमे के लोगों को सुबह और शाम के समय टहलने वाले बुजुर्ग, युवाओं और महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें ‘गुड मार्निंग’ बोलने का निर्देश दिया था। इसके पीछे एसएसपी की मंशा थी कि पुलिस कर्मियों की सक्रियता बढ़ेगी। साथ ही सुबह-शाम सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली चेन स्नेचिंग आदि घटनाओं पर लगाम लगेगा। पुलिस के प्रति आम नागरिकों की राय जानने को मिलेगी और लोगों के मन में पुलिस के प्रति भरोसा भी बढ़ेगा। इसी क्रम में रविवार सुबह छह बजे दूसरी बार शहर की राजघाट, कोतवाली, कैंट, तिवारीपुर, शाहपुर, गोरखनाथ और महिला थाना की पुलिस और थानेदारों ने पार्कों और सार्वजनिक स्थानों का रुख किया और लोगों का हालचाल लिया। एसपी सिटी डॉ कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस ने पार्को में जाकर लोगों का हालचाल लिया। इससे अपराध रोकने में मदद मिलेगी।