रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को सीडीओ कुमार प्रशांत ने गोरखपुर महोत्सव के दौरान हुई खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। ये वे खिलाड़ी थे, जिन्होंने महोत्सव के दौरान पुरस्कार न मिलने पर हंगामा किया था।
बता दें कि महोत्सव के दौरान गोरखपुर यूनिवर्सिटी के साथ ही रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इनमें बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल शामिल हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एसएएच नकवी ने चारों खेलों की विजेता और उपविजेता टीम की लिस्ट बनाकर आयोजक मंडल को दे दी थी। मगर सोमवार को जब महोत्सव के अंतिम दिन यूनिवर्सिटी में हुई सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नहीं पूछा गया तो वे खफा हो गए थे और हंगामा करने लगे थे।
खिलाड़ियों के हंगामे की जानकारी मिलने पर कमिश्नर पीगुरु प्रसाद ने उन्हें पुरस्कृत करने की बात कहीं थी। खिलाड़ियों को बुधवार को सीडीओ कुमार प्रशांत ने पुरस्कृत किया।