बेलीपार इलाके में पेट्रोल पंप मैनेजर आनंद स्वरूप की फाइल फोटो।
बेलीपार थाने के पास पेट्रोल पंप मैनेजर की दिनदहाड़े हत्या, 11.22 लाख रुपये लूटे
गोरखपुर। बेलीपार थाने से 500 मीटर दूर महावीर छपरा के पास सोमवार को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े महरौली पेट्रोल पंप के मैनेजर आनंदस्वरूप मिश्रा (62) की गोली मारकर हत्या कर दी और 11 लाख 22 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बेखौफ बदमाशों ने सुबह 11.40 बजे घटना को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। पुलिस को चुनौती देने वाली इस घटना की खबर पाकर एडीजी रेंज जयनारायण सिंह, एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या, लूट की धाराओं में केस दर्ज किया है। अफसरों ने जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगा दी हैं। घटनास्थल से काले रंग की होंडा सीबीएफ स्टनर बाइक के बाएं तरफ का टूटा गार्ड मिला है।
जानकारी के मुताबिक गीडा के मिश्रौलिया गांव के मूल निवासी आनंदस्वरूप मिश्र गोरखपुर के अलहदादपुर में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते थे। वह महरौली के अजय सिंह के मानस पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। आनंद स्वरूप सोमवार सुबह बाइक से साथी कर्मचारी सुनील सिंह के साथ कलेक्शन के 11.22 लाख रुपये बैंक में जमा कराने जा रहे थे। सुनील बाइक चला रहा थे और आनंद रुपये से भरा बैग लेकर पीछे बैठे थे। सोमवार को वह दो दिन (शनिवार, रविवार) के पेट्रोल-डीजल की बिक्री से मिली रकम लेकर निकले थे। महावीर छपरा चौराहे से पहले एक बंद पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक करके आनंदस्वरूप की बाइक को रोक ली। बाइक से धक्का देकर गिराने के साथ ही बदमाशों ने आनंदस्वरूप से रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की तो वह भिड़ गए। हाथापाई के दौरान घबराए बदमाश ने फायर झोंक दिया। आनंदस्वरूप को एक गोली सीने में और दूसरी पैर में लगी। वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश बैग लेकर बाइक से फरार हो गए। गोली तड़तड़ाने से बाइक चला रहे सुनील बदहवास होकर वहीं बैठ गए। उन्होंने बदमाशों से भिड़ने की जुर्रत नहीं की। आनन-फानन में आनंद स्वरूप को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर आनंद स्वरूप के सगे-संबंधी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारी और तमाम पेट्रोल पंप मालिक भी पहुंचे। सबने बदमाशों की करतूत की निंदा की और आरोपियों को गिरफ्तार करके घटना के पर्दाफाश की मांग की।
कोट
बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने हत्या कर लूट की वारदात की है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। क्राइम ब्रांच भी जांच कर रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। पेट्रोल पंप और उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है।
- डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी