उल्लास के त्योहार होली को सौहार्द से मनाने की अपील के साथ ही पुलिस प्रशासन ने हुड़दंगियों पर कार्रवाई की तैयारी पर की है। जिले में जहां होली पर भारी फोर्स तैनात रहेगी वहीं जुलूस मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरे की जाएगी। चार थाना क्षेत्रों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कोतवाली, तिवारीपुर, राजघाट और गोरखनाथ में अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेंगे।
होली पर आमतौर पर डीजे और शराब को लेकर पुलिस ज्यादा चौकसी कर रही है। शराब पीकर सड़कों पर निकलने वालों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। वहीं डीजे बजाने पर भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश एसएसपी ने सभी थानेदारों को दे दिया है। इसे लेकर शुक्रवार को तिवारीपुर, कोतवाली इलाके में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया। सीओ कोतवाली के अगुवाई में तिवारीपुर इंस्पेक्टर रविंद्र पांडेय आदि ने अद्धसैनिक बल के साथ मार्च निकाल कर उत्पातियों को कड़े संकेत भी दे दिए है।
लगेंगे कैमरे, घोड़े से होगी निगरानी
जुलूस मार्ग पर कैमरे लगाए जाएंगे। तिवारीपुर, राजघाट, अलीनगर, विजय चौक, घासीकटरा, मिर्जापुर, निजाम चौक, पांडेयहाता, घंटाघर, बक्शीपुर सहित 16 जगहों पर कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं घोड़े पर सवार पुलिसवाले लगातार इन क्षेत्रों में गश्त करेंगे ताकि कहीं भी कोई असामाजिक तत्व उत्पात न मचाने पाए।
ये संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
6 सीओ, 15 एसओ, 75 एसआई, 700 सिपाही, 395 महिला सिपाही, दो कंपनी पीएसी, दो कंपनी बीएसएफ, 297 प्रशिक्षु सिपाही