आजाद चौक से बड़गो जाने वाली सड़क के खराब होने के विरोध में सोमवार को व्यापारियों और भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। पुलिस के काफी समझाने के बाद व्यापारी सड़क से हट गए। इसके बाद भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य गौरव राय के नेतृत्व में व्यापारियों ने कमिश्नर को ज्ञापन दिया।
आजाद चौक से बड़गो जाने वाली सड़क भव्या मैरिज हाल से हनुमान मंदिर तक चार वर्षों से जर्जर हालत में है। इस पर खड़ंजा लगाकर छोड़ दिया गया है। इस संबंध में व्यापारियों द्वारा नगर निगम तथा ग्रामीण विधायक विजय बहादुर यादव को कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया लेकिन आज तक कोई काम नहीं हुआ। इस दौरान व्यापारियों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता गौरव राय ने बताया कि प्रशासन के इस उपेक्षापूर्ण रवैये से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। गौरव राय ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर सड़क जल्द दुरुस्त नहीं की गई तो वह व्यापारियों के साथ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
इसके बाद गौरव राय ने व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल के साथ कमिश्नर को ज्ञापन भी दिया। इस अवसर पर वैभव पांडेय, मोनू निषाद, अनूप पांडेय, श्याम बर्नवाल, विष्णु पांडेय, शनि पांडेय, मुकुंद त्रिपाठी, अमन राय, सुभाष चंद्र, रितेश वर्नवाल, सुरेंद्र सिंह, विनोद कुमार, प्रमोद सिंह, दिनेश गुप्ता, मो. मोईन, संतोष यादव, राजेश कुमार, आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।
सड़क जाम करने जा रहे बसपा नेता गिरफ्तार, रिहा
महेवा में जलभराव, खराब सड़क को लेकर टीपी नगर में सड़क जाम करने जा रहे बसपा नेता संदीप मझवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि दोपहर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया। बसपा के सेक्टर महासचिव संदीप मझवार ने बताया कि उनके वार्ड में जलभराव, खराब सड़क और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नगर निगम में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इन्हीं मुद्दों को लेकर वह नगर निगम को चेतावनी देने के लिए आम लोगों के साथ टीपी नगर में प्रदर्शन करने जा रहे थे, मगर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन करने वालों में शोभा देवी, मोनी देवी, आशा देवी, गीता देवी, उर्मिला देवी, ऊषा देवी, मोहम्मद खातून, मोहम्मद नाजिया, कैलासी देवी, भीम सोनकर, हनुमान सोनकर, विक्की सोनकर, शिव सोनकर आदि मौजूद रहे।