फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाने उमड़ा सैलाब

Fri, 15 Jan 2016 08:32 PM IST
गोरखपुर। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
मकर संक्रांति पर हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर धन-धान्य से परिपूर्ण होने के साथ ही समाज और राष्ट्र की उन्नति की कामना की। शुक्रवार को गुरु गोरक्षनाथ की तपोभूमि पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। क्या युवा और क्या वृद्ध, हर कोई खिचड़ी चढ़ाने को बेताब नजर आया। देश के कई राज्यों के अलावा नेपाल से भी काफी संख्या में श्रद्धालु श्रीनाथ जी के दरबार में पहुंचे। शिव अवतार के जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान होता रहा।
विज्ञापन


मकर संक्रांति पर गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन कर उन्हें खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा बहुत पुरानी है। इसके लिए दो दिन पहले से ही मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए थे। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में 3 से 4 बजे के बीच गुरु गोरक्षनाथ की आरती हुई। पूजन के बाद गोरक्षनाथ मंदिर की तरफ से देश के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना लेकर शिव अवतार बाबा गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाई गई। इसके बाद नेपाल राज परिवार की तरफ से नेपाल राष्ट्र के कल्याण खिचड़ी चढ़ाई गई। इसके बाद दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात आदि राज्यों से आए भक्तों ने खिचड़ी चढ़ाकर पुण्य बटोरे।

यह लोगों की आस्था ही थी कि वाहनों को शहर से काफी दूर रोक देने के बाद भी सिर पर गठरी और हाथ में पोटली लिए श्रद्धालु मंदिर की तरफ बढ़ रहे थे। बुजुर्ग महिलाएं बेटे अथवा बहू का हाथ पकड़े चल रही थीं। तमाम महिलाएं और पुरुष अपने छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर खिचड़ी चढ़ाने जा रहे थे। हर कोई बाबा को खिचड़ी चढ़ाने के बाद सिर झुका कर अपनी खुशहाली की कामना करता रहा।
विज्ञापन


यह ऐसा नजारा था जहां कोई भेदभाव नहीं था। न कोई छोटा न कोई बड़ा। हर कोई गुरु गोरक्षनाथ का जयकारा लगाता रहा। यह स्थिति सुबह से लेकर देर शाम तक देखी गई। इसके पूर्व मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी को मनाने वाले काफी संख्या में लोगों ने बृहस्पतिवार को भी खिचड़ी चढ़ाई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें