गोरखनाथ इलाके में नई शराब की दुकान खोलने के विरोध में शनिवार को नागरिकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने दुकान को हटाने की मांग की। प्रदर्शन से वहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों का आरोप था पहले यह दुकान तरंग क्रॉसिंग के पास थी, भाजपा पार्षद की शह पर इसे जगेश्वरीपासी चौराहे पर खोला जा रहा है।
शराब की दुकान खुलने से इलाके में नशेड़ियों का आना जाना शुरू हो जाएगा, और आम जन का जीना मुहाल हो जाएगा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस केे आश्वासन पर नागरिकों ने प्रदर्शन खत्म किया। इसके बाद में गोरखनाथ मंदिर स्थित कार्यालय में जाकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान श्याम नारायण, आदित्य, ज्ञानती देवी, किरन देवी, मंदाकिनी देवी, राजेश्वरी, अशरफ, संजना, विजय कुमार गुप्ता, अभिषेक आदि लोग शामिल थे। वहीं गगहा इलाके के टिकरी और हाटाबाजार में दुकान खुलने के विरोध पर शनिवार को लोगों ने नई दुकान में तोड़ फोड़ की और उसे बंद करा दिया।
गौरतलब है कि शासन के नए आदेश के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुली देशी व अंग्रेजी और विअर की दुकान पांच सौ मीटर दूर खोलने का आदेश दिया है। शनिवार को दुकान खुलने की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो वे उग्र हो गए और दुकान पर पहुंचकर तोड़ फोड़ कर दुकान बंद करा दी। इस दौरान संदीप चंद, रणजीत सिंह, सत्येश शुक्ल, राजेश कुमार, उमेश, मैनुद्दीन, ताहिर, इंद्रजीत सिंह, सुधीर, संतोष शुक्ल, दुर्गविजय, सिंटू वर्मा, राजाराम, रणधीर सिंह, सुमन विश्वकर्मा, संजय कुमार आदि मौजूद थे ।