जिला अस्पताल में प्लास्टर गिरने से घायल गहिरा निवासी रामू यादव।
छत के प्लास्टर का हिस्सा गिरने से मरीज का सिर फूटा
गोरखपुर। जिला अस्पताल में इमरजेंसी के आर्थो वार्ड में सोमवार की शाम चार बजे छत के प्लास्टर का एक हिस्सा गिर गया। उससे वार्ड में भर्ती मरीज के सिर और सीने पर चोट लग गई। आनन-फानन में वार्ड की नर्स और अन्य कर्मचारियों ने उस मरीज का इमरजेंसी में इलाज कराया।
झंगहा इलाके के गहिरा के लाला टोला निवासी रामू यादव (45) का सड़क हादसे में पैर टूट गया था। वह जिला अस्पताल के आर्थो मेल वार्ड में बेड नंबर 12 पर एक सप्ताह से भर्ती हैं। उनके पैर में प्लास्टर लगा है। सोमवार की शाम चार बजे वार्ड की छत के प्लास्टर का टुकड़ा ईंट के साथ अचानक गिर गया। बाकी के मरीज तो दूर हट गए, लेकिन रामू पैर टूटे होने के चलते नहीं भाग पाए। प्लास्टर का टुकड़ा बेड के लोहे से टकरा कर उनके सिर और सीने पर लग गया। सिर फट गया और सीना दर्द करने लगा।