राप्ती में डूबे युवक के शव की तलाश को लेकर पार्षद धरने पर बैठ गए।
- फोटो : rajesh kumar
राप्ती में डूबे युवक के शव की तलाश में प्रशासन द्वारा लापरवाही बरतने पर नाराज घर वालों के साथ क्षेत्रीय पार्षद नदी के बीच पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
मिर्जापुर वार्ड निवासी रामसूरत मंगलवार को राप्ती नदी में डूब गया। काफी ढूंढने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका। लोगों ने जिला और पुलिस प्रशासन से डूबे शख्स का पता लगाने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने कुछ नहीं किया गया। इसके बाद घरवालों ने क्षेत्रीय पार्षद सौरभ विश्वकर्मा से इसकी शिकायत की।
सौरभ विश्वकर्मा समर्थकों के साथ नाव से राप्ती नदी के बीच पहुंच गए और वहां धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी, सीओ कोतवाली और एसओ तिवारी भी वहां पहुंचे और डूबे शख्स की तलाश शुरू की। काफी देर तक मशक्कत करने के बाद भी कुछ पता नहीं चल सका।
पार्षद ने कहा कि एसपी सिटी ने डूबे शख्स के बारे में जल्द से जल्द जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान प्रभात दुबे, प्रमोद निषाद, लालचंद निषाद, गौरव जायसवाल आदि मौजूद थे।