गोरखपुर। जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं एक छात्रा और बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां देर रात मेडिकल में छात्रा की मौत हो गई। कसिहार प्रतिनिधि के मुताबिक बेलीपार के पासवान ढाला के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अच्छेलाल (38) की मौत हो गई। वह मजदूरी करके जीवन यापन करता था। उसकी शादी हुई थी लेकिन पत्नी अलग रहती थी।
मंगलवार की सुबह उसका शव सड़क किनारे ग्रामीणों ने देखा और फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा। बांसगांव प्रतिनिधि के मुताबिक गोछरन निवासी सिंपल सिंह (45) पत्नी लक्ष्मन सिंह सोमवार को अपनी स्कूटी से कौड़ीराम जा रही थीं कि अचानक बघराई चौराहे के समीप फिसल गई और कार की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के मुताबिक लक्ष्मणपुर भिसंवा निवासी निकिता कुमारी (16) पुत्री आशीष डुमरी खुर्द के पास टैंकर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे मेडिकल में दाखिल कराया गया, जहां देर रात उसकी मौत हाे गई। वह घर से विद्यालय के लिए निकली थी। हादसे के बाद टैंकर चालक फरार हो गया जबकि खलासी को पुलिस ने पकड़ लिया। कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक बस स्टेशन चौराहा पर ट्रैक्टर ट्राली के चपेट में आकर पैदल सड़क पार कर रहे बुद्ध चंद्र (60) घायल हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।