अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहेगी। कांग्रेस महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कृत संकल्पित है। महिलाओं को सशक्त करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 33 प्रतिशत सीट का प्रावधान किया था। बाद में उसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया। उनके सपने को साकार करते हुए पार्टी की कोशिश रहेगी कि इस बार के उत्तर प्रदेश के चुनाव में हरेक जिले में एक महिला उम्मीदवार को प्रत्याशी बनाया जाए।
राहुल गांधी की किसान यात्रा में शामिल होने के लिए सोमवार को गोरखपुर पहुंचीं शोभा ओझा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि राहुल की यह यात्रा ऐतिहासिक होगी। इसके लिए महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता जी जान से जुटी हैं। प्रदेश में कांग्रेस की तरफ लोगों का रुझान बढ़ रहा है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की सपा सरकार के प्रति लोगों का मोह खत्म हो गया है। मोदी सरकार चुनाव के वादों के अनुसार न तो महंगाई कम कर सकी और न ही काला धन वापस लाने में सफल रही। प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। किसान भी बदहाल हैं। महिलाएं खौफ में हैं और लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बहुत चिंताजनक है।
ऐसे में प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। यूपी में कांग्रेस का स्वर्णिम इतिहास फिर लौटेगा। विभिन्न चैनलों पर आ रहे चुनावी नतीजों संबंधी सर्वे के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि ये सब पूरी तरह से प्रायोजित होते हैं। उम्मीदवार घोषित होने के पहले सर्वे कैसे किया जा सकता है। इन सर्वे पर विश्वास नहीं किया जा सकता। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव तलत अजीज, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा सिंह, डॉ. सुरहीता करीम, प्रेमलता चतुर्वेदी, सहला अहरारी, स्नहेलता, अरुण अग्रहरी आदि मौजूद थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत
हवाई मार्ग से गोरखपुर पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा का कांग्रेसियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के जिलाध्यक्ष रामनाथ के नेतृत्व में माया देवी, चंपा देवी, शोभा देवी, सांवली देवी, तारा देवी, प्रेमनाथ, आलोक, संदीप, पिंटू, राकेश यादव, रामचंद्र आदि मौजूद थे।