बीएमसीटी मार्ग पर दुधारा थाना क्षेत्र के दरियाबाद गांव के पास एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया। बरात में जा रहे पिकअप पलटने से एक बराती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ बराती घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया जहां से डॉक्टरों ने तीन की हालत गम्भीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गुरसहायगंज जिला कन्नौज निवासी रामकिशोर गुप्ता के लड़के पप्पू गुप्ता की शादी महाराजगंज निवासी विनोद कुमार की बेटी कुमा देवी से बुधवार की शाम को होनी है। इसमें शामिल होने के लिए दो इनोवा और एक पिकअप में सवार होकर करीब 24 बराती मंगलवार की रात में करीब 9:00 बजे महाराजगंज के लिए निकले थे।
सुबह में करीब 6:00 बजे पिकअप बीएमसीटी मार्ग पर दुधारा थाना क्षेत्र मूड़ाडीहा बेग के आगे दरियाबाद के पास पहुंचा था कि ड्राइवर को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के बगल में गड्ढे में जाकर पलट गया। पिकअप में 14 लोग सवार थे।
दुर्घटना में वीर सिंह निवासी भैंसियापुर थाना गुरसहायगंज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बबलू गुप्ता पुत्र रामकिशन 30, बिरजू पुत्र जगदीश 35, रमन पुत्र श्री कृष्ण 65, सोनू गुप्ता पुत्र जय करण गुप्ता 28, जगदीश पुत्र बब्लू 50, लक्ष्मी नारायण पुत्र राम प्रकाश 40, संदीप गुप्ता पुत्र राम दास गुप्ता 40, आदेश पुत्र मानिक चंद 50, वीरेंद्र 40 घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने बबलू गुप्ता, बिरजू और रमन की हालत काफी गंभीर देख कर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।