विरोध की संभावना देख एसआरएस समूह से जुड़े शहर के सिटी मॉल प्रबंधन ने भले 25 जनवरी से पद्मावत का प्रदर्शन करने से इन्कार कर दिया लेकिन शहर के पुराने सिनेमा हॉलों में शुमार यूनाइटेड टॉकीज ने इसके प्रदर्शन का इरादा जताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी है।
भोजपुरी फिल्मों के प्रदर्शन के लिए पहचाने जाने वाले यूनाइटेड टॉकीज के मैनेजर विजय गुप्ता की ओर से देर रात पुलिस तक यह प्रस्ताव पहुंचा। इसके बाद बृहस्पतिवार को यूनाइटेड टॉकीज के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने का निर्णय लिया गया। एसएसपी की राय से तय हुई सुरक्षा व्यवस्था के तहत तीन सीओ, सात एसओ, पीएसी, एक कंपनी आरएफ को सिनेमा हॉल के आसपास सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। कैंट थाने के इंस्पेक्टर मनोज पाठक ने बताया कि फिल्म के विरोध के आसार देख शहर के मनोज सिंह, विकास सिंह, प्रदीप सिंह, विश्व नारायण सिंह, सुनील सिंह, रितेश, संदीप सिंह, नवनीत श्रीवास्तव को शांति बनाए रखने के लिए पाबंद किया गया है। इसकी रिपोर्ट भी देररात सिटी मजिस्ट्रेट को भेज दी गई।
दूसरी ओर एसआरएस ग्रुप के सिटी मॉल स्थित तीन स्क्रीन वाले मल्टीप्लेक्स में बृहस्पतिवार को भी पहले से चल रहीं फिल्म टाइगर अभी जिंदा है, जुमांजी वेलकम टू जंगल और 1921 के ही शो दिखाए जाएंगे। सिटी मॉल के मैनेजर कमलेश सोमानी ने कहा कि पहले से चल रही फिल्मों में बृहस्पतिवार से कोई बदलाव नहीं किया जा रहा। माया सिने प्लेक्स में भी फिल्म टाइगर अभी जिंदा के शो जारी रखने की तैयारी है, जबकि जुबली में फिल्म निर्दोष के शो चलेंगे।
विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पद्मावत के विरोध में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. विश्वनारायण सिंह की अगुवाई में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन कमिश्नर और डीएम को दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रतापगढ़ से सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने भी ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने वाली फिल्म पद्मावत पर रोक की मांग की है। इस मौके पर जिला संरक्षक रघुनाथ सिंह, उपाध्यक्ष राम नरायन सिंह, जिला महामंत्री सतेंद्र सिंह, ब्रजेष सिंह, आलोक सिंह विसेन, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।
शास्त्री चौक पर फूंका भंसाली का पुतला
माध्यमिक शिक्षकों और भारतीय युवक महासभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शास्त्री चौक पर संजय लीला भंसाली का पुतला फूंककर पद्मावत के प्रति आक्रोश जताया। इस दौरान शिक्षक नेता योगेंद्र नाथ शुक्ल, सुबास त्रिपाठी और डॉ. सुबास शाही की अगुवाई में अंबेडकर चौराहे से जुलूस निकाल कर शास्त्री चौक पर पुतला दहन किया गया। पूर्णेंदु शुक्ल, प्रशांत त्रिपाठी, अखिलेश मिश्र, नवेंदु कुमार, प्रवेश पांडेय आदि भी इस मौके पर मौजूद रहे।