रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी का प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें प्रैक्टिस के दौरान लगने वाली चोट से निजात मिल जाएगी। इसके लिए नए अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मैट स्टेडियम को मिल गया है। जल्द ही इस लगाने की कवायद शुरू कर दी जाएगी।
स्टेडियम में कबड्डी के खिलाड़ी फिलहाल मिट्टी पर ही प्रैक्टिस करते हैं, जिस वजह से उनके घायल होने की आशंका बनी रहती है। अक्सर प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी कर रहे खिलाड़ी चोटिल हो जाते हैं। इस वजह से उनकी मेहनत बेकार चली जाती है। अब नए मैट के लगने से घायल होने की आशंका न के बराबर हो जाएगी। इससे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर शहर का नाम रौशन कर सकेंगे।
बता दें कि खेल अधिकारियों ने स्टेडियम के खिलाड़ियों की प्रैक्टिस के लिए 20 लाख रुपये के नए उपकरणों की डिमांड की थी। शासन ने उसे स्वीकार कर लिया है। इन उपकरणों की डिलिवरी भी रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम को कर दी गई है। जल्द ही खिलाड़ी इन उपकरणों के इस्तेमाल से अपने खेल को और भी बेहतर बना सकेंगे।
रीजनल स्टेडियम को मिले उपकरण
दो सेट कुश्ती का गद्दा कवर सहित
एक सेट कबड्डी का गद्दा
एक सेट जिमभनास्टिक गद्दा
आठ कुश्ती के डमी
एक सेट बास्केटबाल फायबर बोर्ड
आठ कुश्ती के रस्से
एक सेट हैंडबॉल गोल पोस्ट
छह हॉकी का नेट