सर्किट हाउस के सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते जिला प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री?
सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं डालेंगे भाजपाई: रमापति
ो
गोरखपुर। जिले के प्रभारी और यूपी सरकार में समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, वह सबको स्वीकार होगा। भाजपा का कोई नेता बयानबाजी नहीं करेगा। सुप्रीम फैसले के बाद जश्न नहीं मनाया जाएगा। सोशल मीडिया के इस्तेमाल में भी संयम बरतना है। अयोध्या मामले से जुड़ा कोई नया पोस्ट सोशल मीडिया पर नहीं डाल जाएगा। विवादित या फिर अफवाह फैलाने वाले कमेंट को शेयर नहीं करना है।
अयोध्या पर फैसले से पहले जिले के प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री ने भाजपा नेताओं के साथ ही बृहस्पतिवार को शहर के प्रबुद्धजनों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर हाल में माहौल को शांत बनाए रखना है। ऐसा कोई काम नहीं करना है, जिससे देश की एकता, अखंडता पर किसी तरह का प्रभाव पड़े। भाजपा पदाधिकारी क्षेत्र के बुद्धिजीवियों से संपर्क स्थापित करें। उन्हें साथ लेकर क्षेत्र में जाएं और लोगों को बताएं कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सहजता से स्वीकार करें।
वैमनस्यता फैलाने वालों को चिन्हित करके जानकारी पुलिस, प्रशासनिक अफसरों को दें। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के प्रावधान हैं। भाजपा के महानगर, जिला, क्षेत्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं को बयानबाजी से बचना है। अधिवक्ता, व्यापारी, चिकित्सक और उद्यमियों से भी माहौल को शांत बनाए रखनी की अपील की। जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी और महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी लाइन पर ही हर पदाधिकारी, कार्यकर्ता को काम करना है।