रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री गेट की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। प्लेटफॉर्म नौ के पास पहली मंजिल पर एसी वेटिंग हाल बनाया जाएगा और इसके नीचे कैब-वे। वेटिंग हाल तक पहुंचने के लिए उन्हें सीढ़ियां भी चढ़ने की जरूरत नहीं होगी, एस्केलेटर से वे सीधे वेटिंग हाल में पहुंचेंगे और ट्रेन आने के समय निर्धारित प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट से नीचे उतरेंगे।
यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्रम में रेलवे की योजना के मुताबिक प्लेटफॉर्म तक अपने वाहनों से आने वाले यात्री कैब-वे में गाड़ी खड़ी करेंगे। उनके बैठने के लिए वेटिंग हाल बनेगा, जिसमें बड़ा ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड लगा रहेगा। वेटिंग हाल को फुट ओवर ब्रिज से जोड़ दिया जाएगा ताकि यात्री ब्रिज पर चढ़ने के बाद सीधे वेटिंग हाल में पहुंच जाएं। यही नहीं सभी प्लेटफॉर्म पर एक-एक लिफ्ट भी लगाए जाएंगे। वेटिंग हाल के पास ही भविष्य में टिकट काउंटर भी बनाने की योजना है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि वर्ष 2017 में कैब-वे और प्लेटफॉर्म नौ के पास एसी वेटिंग हाल बनकर तैयार हो जाएगा। यह कार्य प्राथमिकता में है। इसके बनने से यात्रियों को काफी सहूलियतें मिलेंगी।
खानपान स्टॉल भी खुलेगा
प्लेटफॉर्म नौ के पास बनने वाले वेटिंग हाल के पास ही खानपान का एक स्टॉल भी खुलेगा, ताकि ट्रेनों के देर होने पर यात्रियों को खाने-पीने का सामान वहीं उपलब्ध हो सके।