रेल राज्यमंत्री एवं संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा ने रविवार को लखनऊ जाने वाली एक नई एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की और कहा कि गोरखपुर से नौगढ़, बढ़नी होकर गोमती नगर जाने वाली इस ट्रेन से आनंदनगर, बलरामपुर, नेपाल तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की जनता को काफी सुविधा होगी। इस दौरान उन्होंने देश की पहली हमसफर एक्सप्रेस को शीघ्र ही गोरखपुर से चलाने का भरोसा भी दिया।
रेलराज्य मंत्री ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि गोरखपुर-गोंडा रेल खंड का आमान परिवर्तन पूरा होने के बाद जनता की मांग पर यह रात्रिकालीन ट्रेन चलाई गई है। उन्होंने कहा कि इस रेलखंड पर गाड़ियों की गति बढ़ाकर 100 किमी. प्रति घंटा कर दी गई है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू की गईं सुविधाओं को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां इलेक्ट्रिक लोको शेड का भी शिलान्यास हो जाएगा। रेल राज्यमंत्री ने कहा कि रेलवे का जोर पूर्वी उत्तर प्रदेश पर ज्यादा है। इसी क्रम में सहजनवां-दोहरीघाट, खलीलाबाद-श्रावस्ती-बहराइच नई रेल लाईन निर्माण, बुढ़वल-गोंडा एवं डोमिनगढ़-कुसम्ही के बीच तीसरी लाईन, गोरखपुर में विद्युत लोकोशेड को न सिर्फ स्वीकृति दी गई, बल्कि बजट में पर्याप्त धन का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने बताया कि बाराबंकी-छपरा रेल खंड पर विद्युतीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। इस महीने सीआरएस (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) का निरीक्षण भी हो जाएगा।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए सदर सांसद महंत आदित्यनाथ ने ट्रेन का ठहराव मानीराम और पीपीगंज स्टेशन पर भी करने की मांग की और कहा कि स्टेशन के बाहर पटरी व्यवसायियों को अगर रेलवे छोटे-छोटे दुकान बनाकर आवंटित कर दे तो राजस्व तो बढ़ेगा ही, स्टेशन गेट पर सुंदरीकरण भी होगा। महंत ने नंदानगर क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने, गोरखपुर-कोलकाता के बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस और प्रयाग के लिए वाया अयोध्या इंटरसिटी चलाने की भी मांग की।
महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए दो सालों में हुए कार्यों का उल्लेख किया। समारोह का संचालन एनईआर के सीपीआरओ संजय यादव तथा धन्यवाद ज्ञापन डीआरएम लखनऊ आलोक सिंह ने किया। इस दौरान सांसद पंकज चौधरी, सांसद जगदंबिका पाल, मेयर डॉ. सत्या पांडेय, विधायक संत प्रसाद, पूर्व सांसद श्री प्रकाश मणि त्रिपाठी, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल मौजूद थे।
रात 10 बजे गोरखपुर से चलेगी एक्सप्रेस
15009 गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस गोरखपुर से रात 10 बजे चलेगी और कैंपियरगंज से 10:54 बजे, आनंदनगर से 11:08 बजे, नौगढ़ से 11:42 बजे, शोहरतगढ़ से रात 12:04 बजे, बढ़नी से 12:35 बजे, तुलसीपुर से 1:20 बजे, झारखंडी से 2:00 बजे, बलरामपुर से 2:20 बजे, गोंडा से 3:40 बजे तथा बाराबंकी से 5:22 बजे छूटकर गोमतीनगर सुबह 6:05 बजे पहुंचेगी। वापसी में 15010 गोमतीनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस गोमतीनगर से रात 11:20 बजे चलेगी और बाराबंकी से 11:55 बजे, गोंडा से 1:40 बजे, बलरामपुर से 2:22 बजे, झारखंडी से 2:32 बजे, तुलसीपुर से 3:22 बजे, बढ़नी से 4:05 बजे, शोहरतगढ़ से 4:34 बजे, नौगढ़ से 4:57 बजे, आनंदनगर से 5:40 बजे और कैंपियरगंज से 6:04 बजे छूटकर गोरखपुर सुबह 7:25 पर पहुंचेगी। इस ट्रेन में साधारण श्रेणी के आठ, शयनयान श्रेणी के पांच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक तथा एसएलआर/एसएलआरडी के दो सहित कुल 16 कोच लगेंगे।