मां ने चार साल की बच्ची का गला घोंटकर मार डाला
सरदार नगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा के महदेवा जंगल में एक मां ने शनिवार सुबह अपनी चार साल की बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर महिला के इस कृत्य को अंजाम दिया। पति की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पहले तो उसने बेटी की हत्या कुबूल कर ली, फिर देवर और पति पर खुद को फर्जी फंसाए जाने का आरोप लगाने लगी। हालांकि शुरुआती जांच में घटनास्थल पर जो साक्ष्य मिले हैं, वे बच्ची की हत्या के लिए मां के ही जिम्मेदार होने का संकेत कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक वारदात का शिकार चार वर्षीय मासूम तर्पण निषाद बनीं। आरोप है कि उसकी मां पुष्पा ने ही उसे गला घोंटकर मार डाला। मामले की एफआईआर तर्पण के पिता महदेवा जंगल निवासी जितेंद्र निषाद ने तर्ज कराई हैं। घटनाक्रम के बारे मेें उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बिजली विभाग के मोहद्दीपुर ऑफिस में कार्यरत हैं, शनिवार सुबह करीब सात बजे ऑफिस जाने की तैयारी में थे, इसी बीच अचानक कमरे से चीखने की आवाज आई। वे कमरे की ओर गए तो अंदर से कुंडी बंद थी। जब तक दरवाजा खुलता पुष्पा ने बेटी दर्पण की हत्या कर दी थी। जितेंद्र ने शोर मचाया तो घर के अन्य लोग भी आ गए। सूचना पर आई पुलिस ने आरोपी पुष्पा को गिरफ्तार कर लिया। पुष्पा ने पहले पुलिस से कहा कि उसने गुस्से में बेटी का गला दबाया था। लेकिन बाद में इससे इंकार करते हुए कहा कि पति अपने भाई के साथ मिलकर उसे फंसा रहा है।
पति के साथ अलग रहना चाहती थी पुष्पा
पुष्पा का घर के बाकी सदस्याें से रिश्ता ठीक नहीं था। परिवार के लोगों की माने तो इसे लेकर घर में अक्सर विवाद भी होता था। पुष्पा पति पर दबाव बना रही थी कि बेटी दर्पण और उसे लेकर अलग रहें, लेकिन जितेंद्र घरवालों को छोड़कर अलग रहने के लिए तैयार नहीं थे। जितेंद्र के पिता की मौत छह साल पहले हुई थी, फिर उन्हें मृतक आश्रित कोटे में नौकरी मिल गई। जितेंद्र का कहना है कि परिवार की देखभाल की जिम्मेदारी उठाने से ही नाराज उसकी पत्नी कलह करती थी।
कोट
पारिवारिक कलह में मां ने ही बच्ची की हत्या की है। तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है। - डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी