मोहाना क्षेत्र के सेमरी गांव में सोमवार शाम खाना बनाते समय गंभीर रूप से झुलसी महिला को गोरखपुर से लखनऊ ले जाते समय एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में महिला के साथ उसके बेटे की भी मौत हो गई। एंबुलेंस में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। उनका पीजीआई में उपचार हो रहा है। हालत गंभीर बताई जा रही है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर 10 के टोला सेमरी गांव निवासी ओमप्रकाश की पत्नी ईना (28) सोमवार को घर में खाना बनाते समय अचानक साड़ी में आग लग जाने से बुरी तरह झुलस गई थी। इलाज के लिए परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
वहां भी सुधार नहीं होने पर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने तत्काल लखनऊ ले जाने को कह दिया। सोमवार की रात को ही परिजन महिला को एंबुलेंस से लखनऊ ले जा रहे थे। वह बाराबंकी के पास पहुंचे थे तभी एंबुलेंस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में ईना व उसके छह वर्षीय पुत्र शिवम की मौके पर ही मौत हो गई।
वही, एंबुलेंस में सवार परिवार के चार अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। उनका इलाज पीजीआई लखनऊ में चल रहा है। घायलों में ईना के पति ओमप्रकाश (30), श्यामप्रकाश (25), ज्ञानप्रकाश (23) व मोती (24) शामिल हैं। एक ही परिवार के सभी परिजनों के घायल होने तथा दो की मृत्यु होने से पूरा गांव शोक में डूब गया है।