पकड़े गए युवक की तलाशी लेते अाईजी
- फोटो : amar ujala
मोहद्दीपुर पुलिस चौकी के पास वसूली करते युवक के पकड़े जाने के बाद देर रात एसएसपी ने चौकी प्रभारी और 16 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। अंडर ट्रेनिंग दरोगा को थाने से अटैच कर दिया गया है। वसूली करते मिले युवक के साथ ही एक अन्य व्यक्ति पर रंगदारी मांगने का केस दर्ज हुआ है। सीओ की जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी।
देर शाम कैंट पुलिस ने आईजी की चेकिंग में वसूली करते पकड़े गए चाट विक्रेता विक्की और वसूली कराने वाले रामवचन यादव के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज किया। संतकबीरनगर, धनघटा का रहने वाला रामवचन मोहद्दीपुर में किराए पर बेटे के साथ रहता है। छानबीन में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने कमरे पर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। बेटे के गांव जाने की जानकारी देने पर रात में एक टीम संतकबीरनगर भेजी गई।
एसएसपी रामलाल वर्मा ने स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से वसूली होने की बात सामने आने पर चौकी प्रभारी मोहद्दीपुर योगेंद्र सिंह और 16 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। चौकी पर फिलहाल किसी की तैनाती नहीं हुई है। मामले की जांच कर रहे सीओ कैंट की जांच रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी।
एक साल पहले सस्पेंड हुई थी पूरी चौकी
एक साल पहले तत्कालीन डीएम रंजन कुमार, एसएसपी प्रदीप कुमार ने रात में भ्रमण के दौरान वसूली करते सिपाहियों को पकड़ा था। घटना के बाद उन्होंने पूरी चौकी को ही सस्पेंड कर दिया था।