रकम न मिलने से नाराज लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह एसबीआई सिकरीगंज शाखा पर उमड़ी भीड़ बैंक का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गई। उधर, पूर्वांचल बैंक की गुलरिहा शाखा में कैश न होने पर गोरखपुर-महराजगंज मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में एसबीआई की मझगांवा शाखा पर कैश न होने की सूचना पर नाराज खाताधारकों ने वाराणसी हाइवे बोल्डर रखकर जाम कर दिया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हटाया।
सिकरीगंज प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई शाखा पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। दस बजे जैसे ही बैंक का शटर और चैनल गेट खुला खाताधारकों की भीड़ टूट पड़ी। इस बीच धक्के से गार्ड गिर पड़ा। लोग बैंक का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बना रहा। बाद में बैंक कर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। दोपहर तक ही लोगों को दो-दो हजार रुपये मिले। कैश खत्म होने के बाद ज्यादातर लोगों को लौट जाना पड़ा।
भटहट प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल बैंक की गुलरिहा बाजार शाखा में कैश न होने से नाराज लोगों ने हंगामा कर बैंक के सामने गोरखपुर-महराजगंज मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इस दौरान दोनों ओर से वाहनों की कतार लग गई थी। बताया गया कि सुबह छह बजे से ही बड़ी संख्या में खाताधारक बैंक पर कतार लगाए थे। बैंक खुलने के वक्त जब कर्मचारियों ने बताया कि कैश नहीं है, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का गुस्सा देख कर्मचारी भाग निकले। खाताधारकों का कहना है कि हम लोग दो दिनों से बैंक का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन कैश नहीं मिल रहा है। शाखा प्रबंधक जनार्दन उपाध्याय का कहना है कि दो दिन से कैश के अभाव में दिक्कतें आ रही हैं।
इसी क्रम में मझगांवा प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई की मझगांवा शाखा पर पर्याप्त कैश न होने की सूचना पर लोगों ने हाइवे पर पत्थर रख कर जाम लगा दिया। सुबह नौ बजे उपभोक्ताओं की भीड़ बैंक पर जुट गई थी। भीड़ को देख कर कर्मचारी कैश वितरण करने से हाथ खड़ा कर दिए जिसके बाद उपभोक्ताओं ने बैंक के सामने बोल्डर रखकर गोरखपुर-वाराणसी हाइवे जाम कर दिया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम कर रहे लोगों को खदेड़ा और बैंक के बाहर लाइन लगवाकर पांच-पांच लोगों को बैंक के अंदर भेजा। वहीं पूर्वांचल बैंक की मझगांवा शाखा पर कैश न होने के कारण महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया जिससे कर्मचारी बैंक में ताला बंद कर चले गए। ----
लोगों का गुस्सा देख कर्मचारियों ने बैंक बंद किया
गढ़वा चौक स्थित पूर्वांचल बैंक की शाखा पर शुक्रवार को उमड़ी भीड़ का आक्रोश देख कर्मचारी बैंक बंद कर चले गए। इसके बाद लोगों ने बैंक पर हंगामा शुरू कर दिया। दोपहर बाद गोरखपुर से कैश पहुंचने पर बैंक खोला गया, लेकिन तब तक ज्यादातर खाताधारक जा चुके थे। यही हाल बेला शाखा का भी रहा। खाताधारकों का कहना है कि रकम न मिलने से कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।