एमएमएमयूटी में दीक्षांत समारोह आज
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के चौथे दीक्षांत समारोह में गुरुवार को 34 मेधावियों को गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी होंगे। समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद इंफोसिस के संस्थापक पद्मविभूषण एनआर नारायणमूर्ति को मानद उपाधि दी जाएगी। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। वह 21 मेधावियों को 34 मेडल प्रदान करेंगी और 960 विद्यार्थियों को दीक्षा देंगी।
कुलपति प्रो एसएन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत सुबह 11 बजे से होगी, दोपहर 1.35 बजे शैक्षणिक शोभा यात्रा प्रस्थान करेगी। प्रो. सिंह ने बताया कि पहली बार स्थापना दिवस पर दिए जाने वाले 15 स्पांसर मेडल में से 12 मेडल दीक्षांत समारोह में दिए जाएंगे। विद्यार्थी दुपट्टा और पगड़ी पहनेंगे, जबकि विद्वत परिषद के सदस्य सफेद सदरी धारण करेंगे। शैक्षणिक शोभायात्रा के बाद मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उपाधि देने के बाद कुलाधिपति उपाधि धारकों को शपथ दिलाएंगी।
राज कुमार यादव को कुलाधिपति अवार्ड
गोरखपुर। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के छात्र राजकुमार यादव को कुलाधिपति गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। राजकुमार 9.59 सीजीपीए हासिल कर टॉपर बने हैं। इसके अलावा राजकुमार को कुलपति गोल्ड मेडल, स्व. लच्छन राय मेमोरियल गोल्ड मेडल तथा आरएस सिंह मेमोरियल गोल्ड मेडल भी दिए जाएंगे।
कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों से मिलेंगी कुलाधिपति
कुलाधिपति एमएमएमयूटी में 12 सरकारी व निजी विद्यालयों के कक्षा 3 से कक्षा 8 तक के 28 विद्यार्थियों से मिलेंगी। विद्यार्थियों को मॉरल बुक और फल उपहार स्वरूप देंगी।
इन्हें मिलेगा कुलपति गोल्ड मेडल
राजकुमार यादव, आयुषि मिश्रा, कौत्स सिंह पटेल, अरुषि सिंह, आदित्य सिंह, दीप प्रकाश सोलंकी, दिव्या श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, पंकज कुमार, वैभव मित्तल, बृजेश कुमार सोनकर, अमन कुमार पांडेय, मुनीष सरन, अनुराज, तृप्ति त्रिपाठी, राहुल कुमार राय, अंजू यादव, अंजली गुप्ता, अर्पित सिंह यादव, अनुराग सिंह, सौम्या सिंह।