क्षेत्र के कुसम्हा गांव के टोला बटसरा में गुरुवार की शाम को एक मनबढ़ युवक ने मामूली विवाद में छात्र पर फावड़े से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई। घायल को लोग पहले सीएचसी मथौली ले गए, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावर युवक की बाइक के साथ उसके पिता को हिरासत में लेकर थाने चली गई। कुसम्हा गांव के बटसरा टोले के कुछ युवक गुरुवार की शाम को वॉलीवाल खेल रहे थे। उसी दौरान गांव का ही एक मनबढ़ युवक बाइक से पहुंचा और जाली के पास अपनी बाइक खडी कर दिया।
खेल रहे युवकों ने जब बाइक हटाने की बात की तो उसने नोकझोंक कर ली। उसी दौरान मनबढ़ युवक अपने घर चला गया और फिर फावडा लेकर पहुंचा। मनबढ़ युवक ने फावडे से खेल रहे 19 वर्षीय गोलू गौतम पुत्र सुनील गौतम के सिर पर प्रहार करके घायल कर दिया। वारदात के बाद हमलावर बाइक छोड़ कर भाग निकला।
इधर घटना के बाद घायल को लोग मथौली अस्पताल ले गए,जतहां उसे डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायल की मां मीना देवी ने बताया कि उसका बेटा गोलू गौतम बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। शाम को विजयपुर से परीक्षा देकर बेटा घर लौटा और फिर साथियो के साथ खेलने चला गया। आरोप है कि मनबढ़ युवक ने उसके बेटे के सिर पर फावड़े से प्रहार कर जान से मारने की कोशिश की।
दो बेटे और इकलौती बेटी में गोलू सबसे बडा है। बेटी आंख से दिव्यांग है और पति अपाहिज है। बड़े बेटे के ऊपर पर परिवार का खर्च निर्भर है। बेटे की सलामती के लिए मां ईश्वर से दुआ कर रही थी। पीड़ित मां आरोपी पर कार्रवाई की मांग कर रही थी। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी युवक की बाइक और उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।