डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मुलाकात की
- फोटो : अमर उजाला
नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मुलाकात की और गोरखपुर की विद्युत व्यवस्था के प्रति असंतोष जाहिर किया। ऊर्जा मंत्री ने नगर विधायक को आश्वस्त किया कि वे उनकी ओर से उठाए गए सभी मुद्दों का पूरी गंभीरता से मूल्यांकन तथा समाधान करेंगे।
नगर विधायक ने उर्जा मंत्री से बताया कि शहर में अंडरग्राउंड वायरिंग के कार्य में गुणवत्ता की पूरी तरह से अनदेखी की गई है। मामले में अवर अभियंता और सहायक अभियंता के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। लेकिन असली दोषी अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। ऊर्जा मंत्री से बताया कि महानगर में हजारों विद्युत पोल जर्जर हो चुके हैं।
ये कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं लेकिन पोल बदले नहीं जा रहे हैं। शहर के कई मुहल्लों में बांस बल्ली पर कनेक्शन दे दिए गए हैं। जमीन तक लटके हुए तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। कहा कि ऊर्जा विभाग प्राथमिकता के आधार पर घरों की छतों से जाने वाली हाईटेंशन लाइन के तारों को हटाए।
ऊर्जा मंत्री का दौरा निरस्त
ऊर्जा मंत्री के मीडिया सलाहकार अंकुश त्रिपाठी ने बताया कि ऊर्जा मंत्री का बुधवार को गोरखपुर का दौरा आकस्मिक कारणों से निरस्त कर दिया गया है। बताया कि पूर्व निर्धारित दौरे के तहत दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक एनेक्सी भवन में ट्रांसमिशन और वितरण के अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की जानी थी।