अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस की महिला बोगी में बिना बुकिंग कपड़ों के बंडल रखने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। गोरखपुर से ट्रेन में सवार हुए गार्ड शीतल प्रसाद से यात्रियों ने शिकायत की तो उन्होंने देवरिया आरपीएफ को जानकारी दी, मगर ट्रेन के देवरिया पहुंचने आरपीएफ सिपाही ने कार्रवाई की जगह वसूली में बिजी हो गए और गार्ड से आगे शिकायत न करने की सिफारिश करने लगे, मगर गार्ड ने इसकी जानकारी सिवान के आरपीएफ इंस्पेक्टर और आईजी आरपीएफ को दे दी, जिसके बाद सिवान में गाड़ी रोककर बंडल उतारा गया और व्यापारी से जुर्माना भी वसूला गया।
एक्सप्रेस ट्रेन में अंबाला से ही एक व्यापारी करीब 25 की संख्या में कपड़े के बड़े-बड़े बंडल लेकर सवार हो गया था, जिससे बोगी में विकलांग और महिलाओं को बैठने के लिए जगह ही नहीं मिल रही थी। गोरखपुर में सवार हुए गार्ड शीतल प्रसाद से यात्रियों ने शिकायत की, मगर तब तक गाड़ी रवाना हो गई। रास्ते से शीतल प्रसाद ने देवरिया के आरपीएफ को इसकी जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान व्यापारी से टिकट और बुकिंग कागज मांगा तो वह कुछ भी नहीं दिखा सका। देवरिया में ट्रेन रुकी तो आरपीएफ के सिपाही बोगी में पहुंचे, मगर कार्रवाई की जगह वसूली में व्यस्त हो गए। शिकायत जब आईजी और इंस्पेक्टर से की गई, तब जाकर कार्रवाई हुई और सिवान में व्यापारी को उतारा गया और जुर्माना भी वसूला गया। यात्रियों ने अंबाला से गोरखपुर के बीच इसे लेकर कोई चेकिंग न होने पर भी सवाल खड़े किए।