आपदा न्यूनिकरण योजना 2016-17 के तहत सूखे और बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के साथ ही नए उपायों पर भी छह जून को मंथन होगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक के लिए पुलिस महकमे से लेकर एयरफोर्स, जीआरडी, पीएसी एनडीआरएफ रेलवे, सिंचाई, लोनिवि समेत 52 महकमों के अफसर बुलाए गए हैं।
इन सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी-अपनी तैयारियों के साथ ही ड्यूटी पर लगाए गए संबंधित अफसरों-कर्मचारियों के नाम, पदनाम की सूची मोबाइल नंबर सहित चार जून तक एडीएम (फाइनेंस) के दफ्तर में उपलब्ध करा दें।
उधर डीएम ओएन सिंह ने बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही सभी बंधों की मरम्मत का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी एसडीएम को बंधों का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट देने को कहा है। नगर निगम को नालों की सफाई और जलभराव से निपटने के सभी प्रबंध कर लेने को कहा गया है।
पंचायतीराज महकमे को निर्देश दिया गया है कि वे एनडीआरएफ के अलावा खुद भी गांव के लोगों को बाढ़ से बचाव के तरीके बताएं और प्रधान समेत कुछ सक्रिय लोगों के मोबाइल नंबर जुटा लें ताकि सूचनाओं के आदान-प्रदान में आसानी हो।