एमबीबीएस की 50 सीटों को बचाने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) की टीम सोमवार को आ सकती है। टीम की संभावित दौरे को देखते हुए रविवार को भी आम दिनों की तरह ही मेडिकल कॉलेज खुला रहा और प्रशासनिक स्तर पर तैयारी की जा रही थी।
वर्ष 2012 में एमसीआई ने 100 सीटें को मानक पूरा करने के लिए मेडिकल कॉलेज को तीन साल का समय दिया था। अब वह समय पूरा हो चुका है और टीम के आने की संभावना बढ़ चुकी है। यह दौरा सीटों के लिए अहम माना जा रहा है चूंकि इसके पहले दो बार एमसीआई की टीम मानक की पड़ताल करने आ चुकी है और हर बार ही कमी सामने आई है। कमियों के चलते मान्यता रद्द करने की एमसीआई ने संस्तुति करते हुए भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय को भी चिट्ठी भेज दी थी।
उन्हीं कमियों को दूर करने की तस्दीक करने एमसीआई टीम एक बार फिर आ रही है लेकिन इस बार अंतिम निर्णय होना है। जिसे देखते हुए कॉलेज प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।